Home News Posts उत्तराखंड किसान आत्महत्या मामलाः मजिस्ट्रेट जांच शुरू

किसान आत्महत्या मामलाः मजिस्ट्रेट जांच शुरू

0
165
  • कमिश्नर दीपक रावत ने दिए आदेश

उधमसिंहनगर। काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी है। उन्होंने वीडियो में लिए गए नामों को नोटिस जारी करते हुए बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही थाना आईटीआई में दर्ज मुकदमे में 26 लोगों के खिलाफ एसएसपी ने एसआईटी का गठन कर मामले में निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली आईटीआई क्षेत्र में घटित गंभीर प्रकरण को लेकर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाते हुए एसआईटी का गठन कर दिया है। टीम की कमान एसपी क्राइम निहारिका तोमर को सौंपी गई है। एसआईटी टीम में 3 निरीक्षक, दो उप निरीक्षक और दो सिपाहियों को रखा गया है।
विदित हो कि 10/11 जनवरी की रात में पेंगा निवासी एक किसान ने हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पूर्व किसान द्वारा एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में अपलोड भी किया गया था। इस घटना के बाद प्रदेश में हड़कंप मच गया। किसान के परिजनों ने सरकार से मांग की थी कि वीडियो को एविडेंस मानते हुए वीडियो में जिन लोगों के नाम लिए गए हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। किसान के पैसे जिन लोगों ने हड़पे हैं, उन्हें वापस कराया जाए। हालांकि किसान द्वारा आत्महत्या करने से पूर्व जारी वीडियों में कहा गया था कि मामले की सीबीआई जांच करायी जाये, लेकिन शासन ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को सौंपी है।
बताया जा रहा है कि 12 जनवरी को प्रशासन के साथ हुई परिजनों की बैठक में दो मांगों को मान लिया गया था। मृतक किसान के दाह संस्कार के बाद थाना आईटीआई के एसओ कुन्दन सिंह रौतेला और एक उप निरीक्षक को सस्पेंड कर दिया था। साथ ही पेंगा चौकी इंचार्ज सहित 10 पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया गया। जिसके बाद मृतक किसान के भाई की तहरीर पर 26 लोगों के खिलाफ थाना आईटीआई में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले में अब एसएसपी ने थाना आईटीआई में दर्ज मुकदमे को लेकर एसआईटी गठित की है। एसआईटी टीम की कमान आईपीएस अधिकारी निहारिका तोमर, पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं यातायात), ऊधमसिंहनगर को सौंपी गई है। एसआईटी टीम में शामिल अधिकारियों के नाम निरीक्षक रवि कुमार सैनी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कुंडा (विवेचक) निरीक्षक हरेंद्र चौधरी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काशीपुर, निरीक्षक जसवीर चौहान, प्रभारी एसओजी ऊधमसिंहनगर, उप निरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, प्रभारी चौकी कुंडेश्वरी, कोतवाली काशीपुर, उप निरीक्षक हरविंदर कुमार, कोतवाली कुंडा, मुख्य आरक्षी विनय यादव (243), एसओजी काशीपुर (सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण) व आरक्षी भूपेंद्र आर्या (969), एसओजी रुद्रपुर (तकनीकी जांच) बताये गये है।
किसान आत्महत्या मामले में शासन स्तर से मजिस्ट्रेट जांच की कमान कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को सौंपी गई है। मामले में उन्होंने जांच शुरू कर दी है. कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने बताया कि मौत से पूर्व किसान द्वारा जो वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है, जिसमें प्राइवेट, सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं, उनकी जांच की जानी है. जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। कमिश्नर दीपक रावत ने बताया कि वीडियो में जिनके नाम प्रकाश में आए हैं, उन्हें नोटिस जारी किया गया है। इन लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here