May 14, 2026नियुक्ति पत्र नहीं, यह है जनसेवा का संकल्प पत्र – मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी साढ़े चार वर्षों में राज्य में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में कुल 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। जिसमें 243 चिकित्सा अधिकारियों, 42 फार्मासिस्ट, उद्यान विभाग के अन्तर्गत 22 प्रयोगशाला सहायकों एवं मशरूम पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में संकट की घड़ी में जनता की पहली उम्मीद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्मिक ही होते हैं। उन्होंने नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से कहा कि वे संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को उपचार का लाभ मिल रहा है। प्रदेश में अब तक 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं तथा लगभग 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण और संचालन तेजी से किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 5 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि 2 निर्माणाधीन हैं। इसके साथ ही 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण प्रगति पर है। दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए टेलीमेडिसिन एवं हेली एंबुलेंस सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि एवं उद्यानिकी को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन तथा मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नव नियुक्त युवा प्रदेश को कृषि नवाचार और आधुनिक उद्यानिकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूर्ण पारदर्शिता से हो रही है। प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसका परिणाम है कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।कृषि एवं उद्यान मंत्री श्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उद्यान विभाग द्वारा अतिसघन सेब बागवानी, कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन, मधुमक्खी पालन नीति तथा जाइका परियोजना जैसी विभिन्न योजनाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मशरूम उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन किसानों के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में उभर सकता है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उनके सामाजिक एवं आर्थिक स्तर में गुणात्मक सुधार आएगा।स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नये चिकित्सकों और फार्मासिस्ट की नियुक्ति होने से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों तक चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता हो और लोगों को अपने निकटतम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी चिकित्सक पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ जन सेवा के प्रति समर्पित रहेंगे।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ, श्रीमती सविता कपूर, मेयर देहरादून श्री सौरभ थपलियाल, सचिव श्री सचिन कुर्वे, डाॅ. एस. एन. पाण्डेय एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
May 14, 2026देहरादून। शहरी विकास विभाग द्वारा दून की स्ट्रीट लाइटों पर देय 9 करोड़ के बकाया बिजली बिलों के भुगतान की वसूली आम विघुत उपभोक्ताओं से किए जाने संबंधित शहरी विकास विभाग के प्रयासों से आक्रोशित विघुत उपभोक्ताओं ने विरोध प्रकट किया।इस विषय पर संयुक्त नागरिक संगठन द्वारा आयोजित जनसंवाद में गणमान्य नागरिकों ने शासन के इस प्रयास को विघुत उपभोक्ताओं के अधिकारों पर आघात बताते हुए इसे जजिया कर की संज्ञा दी। इनका कहना था की शहर में स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव और बिलों के भुगतान की जिम्मेदारी पूर्ण रूप से नगर निकायों की है। सर्वाेच्च न्यायालय के अनुसार भी उपभोक्ता केवल खुद खपत की गई बिजली के भुगतान के लिए ही जिम्मेदार जिम्मेदार है और ऐसी सेवाओं के लिए इनपर बोझ नहीं डाला जा सकता है।उन्होंने बताया हाउस टैक्स आदि से निगम को विगत वर्ष लगभग 60 करोड़ की आय हुई है तो यूपीसीएल के अब तक लंबित बकाया 9 करोड़ का भुगतान क्यों नहीं किया गया। मेयर और पार्षद भी देनदारी के कर्ज में डूबे निगम को बचाने मे अपने नैतिक दायित्वों का निर्वहन करने में असमर्थ रहे। निगम के आय और खर्चों में इनकी भी प्रमुख भूमिका होनी जरूरी है। विचार था कि स्थानीय निकायों की दयनीय वित्तीय हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी को वर्ष 2026—27 के 1 लाख 11 हजार करोड़ रूपये के बजट में से शहरी निकायों को आबंटित बजट रुपया 1814 करोड़ में 100 करोड़ का अतिरिक्त अनुदान स्वीकृत करके गरीबी में जी रहे निकायों को जीवन दान देना चाहिए। नागरिकों का यह भी सुझाव था की प्रदेशभर में 582 बस्तियों के घरों जिनमें दून की 129 बस्तियों के लगभग पचास हजार घर भी शामिल हैं, से भी हाउस टैक्स वसूल कर आय के संसाधन बढ़ाने चाहिए जिससे स्ट्रीट लाइटों के बिलों का भुगतान प्रत्येक माह नियमित रूप से होने की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। वक्ताओं ने पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी उत्तराखंड के काम नहीं आने का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि भागीरथी नदी पर बने टिहरी डैम से 2400 मेगावाट बिजली का उत्पादन होने पर भी केंद्र द्वारा राज्य को सस्ती बिजली दरों पर विघुत उपलब्ध न करा पाना जनता के साथ अन्याय है, प्रधानमंत्री द्वारा यहां 1000 मेगावाट पंप स्टोरेज प्लांट परियोजना के भावी लोकार्पण में इस संबंध में घोषणा किया जाना अपेक्षित होगा। संवाद का संचालन सुशील त्यागी ने किया। इस अवसर पर अर्जुन कोहली,पद्मेंद्र सिंह बर्थवाल, खुशवीर सिंह, राजीव शर्मा खनसाली, अमर सिंह धुनता, यज्ञ भूषण शर्मा, ब्रि.केजी बहल, लै. कर्नल बीएम थापा, दिनेश भंडारी, गिरीश चंद्र भटृ,ठाकुर शेरसिंह, डॉ. राकेश डंगवाल, नरेश चंद्र कुलाश्री अवधेश शर्मा, ताराचंद गुप्ता, मैड के प्रिंस कपूर आदि संवाद में शामिल थे।
May 14, 2026मुकदमा दर्ज, जांच शुरू हरिद्वार। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के तहत हलाला का पहला मामला धर्मनगरी हरिद्वार में पुलिस ने दर्ज किया है। बुग्गावाला थाने में पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता महिला शाहिन ने अपने पति मोहम्मद दानिश और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, दानिश पर अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने और विवाह से संबंधित अधिकारों के उल्लंघन का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति दानिश के खिलाफ समान नागरिक संहिता, उत्तराखंड 2024 के तहत कार्रवाई की है, जो विशेष रूप से हलाला जैसी प्रथाओं को प्रतिबंधित और दंडनीय बनाती हैं। पुलिस ने इस मामले में केवल यूसीसी ही नहीं, बल्कि अन्य कड़े कानूनों के तहत भी शिकंजा कसा है।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बुग्गावाला पुलिस ने इस मामले में गहनता से जांच की और उपनिरीक्षक मनोज कुमार ने आरोप पत्र तैयार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय रुड़की के कोर्ट में पेश किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी दानिश के अलावा उसके परिवार के अन्य सदस्यों जैसे पिता मोहम्मद अरशद,परवेज, जावेद, और गुलशाना के नाम भी शामिल हैं।
May 14, 20267 लाख रूपये की ज्वैलरी बरामद देहरादून। ज्वैलर्स के शोरूम से 6 सोने की चेन चुराने वाले महाराष्ट्र के एक अर्तराज्जीय गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से चुरायी गयी 6 सोने की चेने बरामद की गयी है। आरोपियों में एक महिला सहित 6 बुर्जग शामिल है जो इस तरह की घटनाए कई राज्यो मेंं अंजाम दे चुके है।जानकारी के अनुसार बीती 9 मई को सुरेन्द्र कुमार कक्कड पुत्र स्व. मदन लाल कक्कड निवासी पी.एन.बी. गली, मिल रोड, डोईवाला, जनपद देहरादून द्वारा कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया गया था कि 8 मई को कुछ अज्ञात महिला व पुरूष ज्वैलरी की खरीदारी करने हेतु उनकी दुकान कंचन ज्वैलर्स मे आये तथा उनको अपनी बातो मे उलझाकर उनकी दुकान मे रखी सोने की 6 चैन चोरी कर ले गये। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरो की तलाश शुरू कर दी गयी। चोरो की तलाश में जुटी पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आस—पास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चैक करते हुए घटना में शामिल संदिग्धों की फुटेज प्राप्त की गई, साथ ही घटना से जुड़ी आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई। पुलिस द्वारा किये जा रहे लगातार प्रयासों से बीती रात एक सूचना के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन हर्रावाला, डोईवाला से घटना में शामिल 1 महिला सहित 6 आरोपियोें जिनमे पांडुरंग, वासुदेव, सतीश नामदेव शिंदे, मनीष मनोहर मोरे, मंगेश सुर्वे व महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से घटना में चोरी की गई शत प्रतिशत ज्वैलरी बरामद की गयी है।पूछताछ में जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त सभी आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र के निवासी है, जो टोली बनाकर ज्वैलर्स शॉंप को चिन्हित करते है तथा एक साथ चिन्हित दुकान मे ग्राहक के रूप मे जाकर उनमें से कुछ लोग दुकान स्वामी को सामान का मोल—भाव करने के बहाने अपनी बातो मे उलझा लेते है तथा अन्य मौका देखकर दुकान मे रखे कीमती अभूषण चोरी कर लेते है, चूंकि वह सारे आरोपीं मे से अधिकांश लोग वृद्ध है, जिस कारण कोई इन पर शक भी नही करता है तथा लोग आसानी से उन पर भरोसा कर लेते है, जिसका फायदा उठाकर यह लोग चोरी की घटना को अंजाम देकर तुरन्त ही अपने मूल निवास महाराष्ट्र के लिए निकल जाते है। पूछताछ में उनके द्वारा देहरादून मे अन्य स्थानो पर भी ज्वैलर्स शॉप में चोरी का प्रयास करने पर दुकानदारो की सजगता के कारण सफल न हो पाने की जानकारी प्राप्त हुई।
May 14, 2026रूद्रप्रयाग। सड़क दुर्घटना के चलते एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से जहंा एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी वही दूसरा गम्भीर रूप से घायल हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस व एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतक व घायल को बाहर निकाला और दोनो का अस्पताल पहुंचाया। जहंा घायल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार जवाड़ी पुल के समीप उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब एक बलेनो कार अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना जवाड़ी बाईपास की नई सुरंग के पास हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा—तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। दुर्गम और जोखिम भरे हालात के बीच संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने कार में फंसे दो लोगों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान देव (24 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश, निवासी किशनगढ़, बसंतकुंज नई दिल्ली के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल बालकृष्ण उर्फ तुषार (22 वर्ष), पुत्र मणिकंदन, निवासी महावीर एन्क्लेव, द्वारका, नई दिल्ली को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने से यह दुर्घटना हुई है।
May 14, 2026चार लाख के पार पहुंची श्रद्धालुओं की संख्याउत्तरकाशी। राज्य में चल रही चारधाम यात्रा लगातार गति पकड़ रही है। श्री यमुनोत्री धाम और श्री गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए किए गए व्यापक इंतजामों के चलते तीर्थयात्री निर्बाध रूप से दर्शन कर रहे हैं।यात्रा बुलेटिन के अनुसार,बुधवार 13 मई 2026 को शाम 6.30 बजे तक दोनों धामों में कुल 26,718 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें 14,044 पुरुष, 12,116 महिलाएं और 558 बच्चे शामिल रहे। चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक कुल 4,12,815 श्रद्धालु यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 2,07,390 है वहीं गंगोत्री धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 2,05,425 है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या से स्पष्ट है कि इस वर्ष यात्रा के प्रति देशभर के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।यात्रा मार्गों पर सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हैं। बुधवार को दोनों धामों के लिए कुल 2,243 वाहनों का संचालन किया गया, जिनमें यमुनोत्री धाम के लिए 1,013 वाहन रहे वहीं गंगोत्री धाम के लिए 1,230 संचालित किये गये। इस यात्रा सीजन में अब तक कुल 40,989 वाहनों के माध्यम से श्रद्धालु इन दोनों पवित्र धामों तक पहुंच चुके हैं।