- मित्र पुलिस की कार्यप्रणाली फिर सवालों में?
- वीडियो में एसएसपी के नाम का जिक्र!
- जिस पर आरोप, वही गठित कर रहा एसआईटीः कांग्रेस
उधमसिंहनगर। किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या ने उत्तराखंड पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह कोई सामान्य आत्महत्या नहीं, बल्कि एक ऐसा मामला है जिसमें खुद मृतक ने मरने से पहले फेसबुक लाइव आकर चौकी से लेकर जिले के कप्तान तक पर संगीन आरोप लगाए। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या सिस्टम इतना असंवेदनशील हो गया है कि पीड़ित की आखिरी आवाज भी उसे झकझोर नहीं पा रही? वहीं यह आत्महत्या प्रकरण नैनीताल में घटित हुआ है जिसकी जांच उधमसिंहनगर पुलिस कर रही है? यह बात भी सवालों के घेरे में है।
मामला बीते शनिवार देर रात का है। जब पेंगा निवासी किसान सुखवंत सिंह ने हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में खुद को गोली मार ली। आत्महत्या से पहले किए गए फेसबुक लाइव वीडियो में सुखवंत ने काशीपुर के कुछ कथित प्रॉपर्टी डीलरों पर करोड़ों की ठगी का आरोप लगाया, साथ ही ऊधमसिंह नगर पुलिस पर भी गंभीर सवाल उठाए। उसने साफ कहा कि जमीन के नाम पर उससे तीन करोड़ रुपये नगद और एक करोड़ रुपये खाते में लिए गए, लेकिन जमीन के नाम पर उसके साथ फर्जीवाड़ा किया गया। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही कि उसने जिले के एसएसपी मणिकांत मिश्रा समेत कई पुलिस अधिकारियों के नाम लेकर खुद को प्रताड़ित किए जाने की बात कही। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया। विपक्ष ही नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष से जुड़े नेताओं ने भी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत पार्टी के कई विधायक काशीपुर पहुंचे, मृतक के परिजनों से मुलाकात की और फिर रुद्रपुर में पत्रकार वार्ता कर सरकार और पुलिस पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने सीधे तौर पर ऊधमसिंह नगर जिले के एसएसपी को इस मामले का सबसे बड़ा दोषी ठहराया। कांग्रेस का आरोप है कि जिस सिस्टम की वजह से सुखवंत को आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा, उसी सिस्टम के कथित आरोपित आज जांच और कार्रवाई कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब मृतक ने अपने वीडियो में एसएसपी का नाम लिया है, तो फिर वही एसएसपी थानाध्यक्षों को सस्पेंड कर रहे हैं और एसआईटी गठित कर रहे हैं। क्या यह न्याय की प्रक्रिया के साथ मजाक नहीं है? कांग्रेस का कहना है कि दोषी ही अगर दूसरों को सजा देगा, तो जनता भरोसा कैसे करे? गणेश गोदियाल ने यह भी दावा किया कि सुखवंत के पिता ने उन्हें बताया कि चौकी स्तर पर ठगी करने वालों से समझौता होने वाला था, लेकिन बड़े अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला उलझा दिया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आईटीआई थानाध्यक्ष, एसएसपी का करीबी है और पहले भी उस पर आरोप लग चुके हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि सबसे पहले एसएसपी को निलंबित किया जाए, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि 15 जनवरी तक कार्रवाई नहीं हुई तो डीजीपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।




