Home उत्तराखंड देहरादून नई ऊर्जा की पटरी पर भारत

नई ऊर्जा की पटरी पर भारत

0
55

भारत में पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि ऊर्जा, पर्यावरण और तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रेलवे लंबे समय से देश की आर्थिक और सामाजिक जीवनरेखा रही है। ऐसे में जब यह विशाल परिवहन तंत्र स्वच्छ ऊर्जा की ओर कदम बढ़ाता है, तो उसका प्रभाव केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास तक पहुंचता है। हाइड्रोजन ट्रेन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें पारंपरिक डीजल ईंधन की जगह हाइड्रोजन फ्यूल सेल का उपयोग किया जाता है। इस प्रक्रिया में ऊर्जा उत्पादन के दौरान कार्बन डाइअरक्साइड या अन्य प्रदूषक गैसों का उत्सर्जन नगण्य होता है। परिणामस्वरूप रेल परिवहन अधिक स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ बनता है। यह कदम ऐसे समय में आया है जब दुनिया जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण की चुनौती से जूझ रही है। भारत ने 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ऊर्जा, परिवहन और उद्योग जैसे क्षेत्रों में व्यापक बदलाव आवश्यक हैं। रेलवे, जो देश में बड़ी संख्या में यात्रियों और माल ढुलाई का दायित्व निभाता है, इस परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। हाइड्रोजन ट्रेन इस दिशा में एक सकारात्मक प्रयोग है, जो भविष्य में डीजल आधारित रेल सेवाओं को स्वच्छ विकल्प प्रदान कर सकता है। इस पहल का एक महत्वपूर्ण पक्ष ऊर्जा आत्मनिर्भरता से भी जुड़ा है। भारत अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं का बड़ा हिस्सा आयातित ईंधन से पूरा करता है। यदि हाइड्रोजन का उत्पादन देश में नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों, जैसे सौर और पवन ऊर्जा के माध्यम से किया जाता है, तो इससे आयातित ईंधन पर निर्भरता कम होगी। साथ ही, हरित हाइड्रोजन उत्पादन का एक नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित हो सकता है, जिससे रोजगार, निवेश और तकनीकी नवाचार को भी बढ़ावा मिलेगा। हाइड्रोजन ट्रेन को भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की व्यापक प्रक्रिया से भी जोड़कर देखा जाना चाहिए। रेलवे पहले ही विद्युतिकरण, उच्च गति, बेहतर सुरक्षा और डिजिटल तकनीकों की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति कर चुका है। हाइड्रोजन आधारित रेल सेवा इस प्रगति का अगला चरण है, जो भारत को भविष्य की परिवहन तकनीकों के क्षेत्र में अग्रणी देशों की श्रेणी में ला सकती है। हालांकि, इस उपलब्धि के साथ कुछ चुनौतियां भी जुड़ी हुई हैं। हाइड्रोजन उत्पादन, भंडारण और परिवहन के लिए विशेष अवसंरचना की आवश्यकता होगी। इसके अलावा, फ्यूल सेल तकनीक की लागत को कम करना और इसे बड़े पैमाने पर व्यवहारिक बनाना भी आवश्यक है। सुरक्षा मानकों, तकनीकी दक्षता और रख-रखाव प्रणाली को मजबूत किए बिना इस तकनीक का व्यापक विस्तार संभव नहीं होगा। सरकार और भारतीय रेलवे को इस दिशा में दीर्घकालिक योजना बनानी होगी। केवल एक प्रतीकात्मक परियोजना के रूप में हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत पर्याप्त नहीं होगी। आवश्यकता इस बात की है कि हरित हाइड्रोजन उत्पादन को प्रोत्साहन मिले, अनुसंधान एवं विकास पर निवेश बढ़े और रेलवे नेटवर्क में चरणबद्ध तरीके से इस तकनीक का विस्तार किया जाए। यह भी ध्यान रखना होगा कि स्वच्छ ऊर्जा की ओर परिवर्तन केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि आर्थिक अवसर भी है। यदि भारत हाइड्रोजन तकनीक में मजबूत क्षमता विकसित कर लेता है, तो वह वैश्विक हरित ऊर्जा बाजार में महत्वपूर्ण स्थान हासिल कर सकता है। रेलवे जैसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र में इस तकनीक का उपयोग देश के निजी उद्योगों को भी नई दिशा दे सकता है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन इस बात का प्रतीक है कि भारत पारंपरिक ऊर्जा माडल से आगे बढ़कर भविष्य की हरित अर्थव्यवस्था की ओर कदम बढ़ा रहा है। यह पहल न केवल प्रदूषण कम करने में सहायक होगी, बल्कि भारत को ऊर्जा सुरक्षा, तकनीकी नवाचार और सतत विकास की दिशा में भी मजबूत आधार प्रदान करेगी। अब आवश्यकता इस बात की है कि इस शुरुआत को निरंतरता मिले और इसे व्यापक राष्ट्रीय रणनीति का हिस्सा बनाया जाए। यदि ऐसा हुआ, तो आने वाले वर्षों में भारतीय रेलवे केवल दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्कों में से एक नहीं रहेगा, बल्कि स्वच्छ और हरित परिवहन व्यवस्था का भी एक महत्वपूर्ण उदाहरण बन सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here