Home News Posts उत्तराखंड प्रेमचंद अग्रवाल के समर्थन में डोईवाला बाजार रहा बंद

प्रेमचंद अग्रवाल के समर्थन में डोईवाला बाजार रहा बंद

0
598

देहरादून। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के समर्थन में डोईवाला व्यापार संघ ने आज बाजार बंद रखने का निर्णय लिया। व्यापारी सुबह से ही अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर धरना—प्रदर्शन कर रहे थे और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रेमचंद अग्रवाल का इस्तीफा वापस लेने की मांग कर रहे थे प्रदर्शन के दौरान प्रेमचंद अग्रवाल अचानक धरना स्थल पर पहुंच गए, जिसे देखकर प्रदर्शनकारियों नेे उनके समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रेमचंद अग्रवाल ने माइक संभालते हुए भारत माता की जय के नारे के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की और प्रदर्शनकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें व्यापारियों के बंद और उनके रोष की जानकारी मिली, वे हाथ जोड़कर धन्यवाद देने के लिए आए हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके पास व्यक्तिगत रूप से कुछ नहीं है, बल्कि जनता का ही प्यार उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
व्यापारियों से प्रतिष्ठान खोलने की अपील करते हुए अग्रवाल ने कहा कि उन्हें प्रदेश के विकास के लिए आगे बढ़ना है और वह अन्य क्षेत्रों, जैसे ऋषिकेश में भी इसी प्रकार के समर्थन के लिए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठान खोल दें और आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि उतार—चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन भविष्य में अच्छे दिन फिर आएंगे और वे एक बार फिर मजबूती से आगे बढ़ेंगे।
विदित हो कि प्रेमचंद अग्रवाल को हाल ही में एक विवादित बयान के कारण कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। बजट सत्र के दौरान उनके बयान से जनता में आक्रोश फैल गया था, जिसके बाद उनके खिलाफ राज्यभर में विरोध प्रदर्शन होने लगे। विपक्ष और जनता के बढ़ते दबाव के चलते आखिरकार रविवार को उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here