कांग्रेसियों का सचिवालय पर हल्ला बोल

0
214

भ्रष्टाचार, महंगाई व कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
प्रीतम सिंह का शक्ति प्रदर्शन देख लोग हैरान

देहरादून। पूर्व नेता विपक्ष और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में आज कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार, महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सचिवालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन के लिए भारी संख्या में जुटी भीड़ को नियंत्रित करने और रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को जबरदस्त मेहनत करनी पड़ी।
जैसा कि पूर्व अनुमानित था और कहा जा रहा था कि यह प्रीतम सिंह का शक्ति प्रदर्शन है, के अनुरूप आज इस विरोध प्रदर्शन में उम्मीद से भी कहीं अधिक भीड़ दिखाई दी। खास बात यह है कि कांग्रेस के चंद बड़े चेहरों को छोड़कर कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन में तमाम वर्तमान और पूर्व विधायकों के अलावा संगठन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। निश्चित कार्य योजना के तहत यह कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता रेंजर्स मैदान में एकत्र हुए। सुबह से ही नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा होना शुरू हो गया था जिसके कारण शहर की यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भर्ती घोटालों और भाजपा के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों द्वारा कमीशन खोरी व भ्रष्टाचार के खुले आरोपों से यह सिद्ध हो चुका है कि भाजपा भ्रष्टाचार पर जो जीरो टॉलरेंस की बात करती है वह सिर्फ दिखावा है। शासन—प्रशासन में व्यापक स्तर पर जो भ्रष्टाचार व्याप्त है उसकी कलई खुद भाजपा के नेता ही खोल रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि बढ़ती महंगाई ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और सरकार आम जनता व व्यापारियों से रिकॉर्ड टैक्स वसूल रही है। बढ़ती महंगाई से आम आदमी का जीवन तबाह हो रहा है और सरकार सबका साथ और सबका विकास का राग अलाप रही है। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की जर्जर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अंकिता हत्याकांड और उधम सिंह नगर—उत्तर प्रदेश गोलीकांड के मुद्दे भी उठाए और कहा है कि क्या यही है कानून व्यवस्था का राज।
कांग्रेस के इस प्रदर्शन में इतने लोग शामिल थे कि रेंजर ग्राउंड से लेकर सचिवालय तक सड़क पर सर ही सर दिखाई दे रहे थे। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित तमाम वर्तमान व पूर्व विधायक तथा मंत्री शामिल थे। जिनमें डॉ हरक सिंह, विक्रम सिंह नेगी, आदेश चौहान, ममता राकेश, दिनेश अग्रवाल, मयूख महर, विजयपाल सजवाण, भुवन कापड़ी, गोपाल राणा, फुरकान अहमद, शूरवीर सजवाण, लालचंद शर्मा, सूर्यकांत धस्माना सहित तमाम लोग मौजूद थे। हां पूर्व सीएम हरीश रावत इस प्रदर्शन में कहीं दिखाई नहीं दिए न करन माहरा मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रीतम सिंह को गिरफ्तार कर ले गई तो तमाम कांग्रेसी भी उनके साथ चल दिए।

करन की सफाई कांग्रेसी एकजुट

हल्द्वानी। इस बीच प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का बयान आया है कि सभी कांग्रेसी एकजुट है। सभी अपने तय कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश भर में सरकार के खिलाफ कार्यक्रम में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रीतम सिंह दून में कांग्रेस का प्रदर्शन संभाल रहे हैं और मैं हल्द्वानी में प्रेस वार्ता कर रहा हूं। कांग्रेसी और कांग्रेस पूरी तरह से एक है मतभेद का भर्म विरोधी फैला रहे हैं उधर प्रीतम सिंह ने भी इस प्रदर्शन को कांग्रेस और जनता का प्रदर्शन बताया है और अपने शक्ति प्रदर्शन की बात को गलत ठहराया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here