देहरादून। चंडीगढ में परिवार के साथ आत्महत्या करने वाले प्रवीण मित्तल से मित्रता के चलते गंम्भीर सिंह नेगी ने वाहन को अपने नाम फाईनेंस करवाया था।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा के पंचकूला में कार में एक ही परिवार के सात लोगों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच में पता चला कि जिस कार में उक्त लोगों ने आत्महत्या की थी वह देहरादून निवासी गम्भीर सिंह नेगी के नाम पर पंजीकृत है। जिसके बाद हरियाणा पुलिस ने दून पुलिस से सम्पर्क किया तो दून पुलिस ने गम्भीर सिंह नेगी से सम्पर्क किया। जिसके बाद प्रकाश में आया कि मृतक प्रवीण मित्तल पुत्र देशराज मित्तल का परिवार 8—9 महीने पूर्व तक कौलागढ में किराए पर निवास करता था, जिनका मूल रूप से चंडीगढ क्षेत्र का होना प्रकाश में आया था। वर्तमान में उक्त परिवार देहरादून में निवास नहीं कर रहा था। घटना स्थल से जो वाहन मृतक के पास से मिला है वह मालदेवता के गम्भीर सिंह नेगी के नाम पर पंजीकृत है, जिनसे सम्पर्क करने पर उनके द्वारा बताया गया कि उनकी मृतक प्रवीण मित्तल से एनजीओ के काम के सिलसिले में मुलाकात हुई थी। मृतक पूर्व में चाइल्ड लाइफ केअर मिशन नाम से एनजीओ चलाता था। इसी दौरान मित्रता के चलते गम्भीर सिंह नेगी ने उक्त वाहन अपने नाम पर फाइनेंस करवाया था जिसे वर्तमान में मृतक चलाता था। वर्तमान में मृतक का परिवार सहित चंडीगढ में निवास करना प्रकाश में आया है।




