हरिद्वार। धर्मनगरी में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके है इसकी बानगी देर रात लक्सर कोतवाली क्षेत्र में सामने आयी है। यहंा एक हास्पिटल में घुसे हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने डाक्टर दम्पत्ति पर हमला बोल दिया जिसमें डा. दम्पत्ति गम्भीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार लक्सर कोतवाली तिराहे के पास देर रात आर्यन हॉस्पिटल में हथियारबंद बदमाश घुस गये। जहंा उन्होने हॉस्पिटल संचालक डॉ बाबूराम आर्य और उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में डॉ बाबूराम गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी पत्नी को भी चोट आई है। नकाबपोश बदमाश हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की धरपकड़ में जुट गई है।
डॉ बाबूराम आर्य के बेटे विकास आर्य ने बताया कि रात दो नकाबपोश बदमाश उनके हॉस्पिटल में घुस आए। दोनों बदमाश हाथ में हथियार और रस्सी साथ लेकर पहुंचे थे। सवा तीन बजे मरीज देखने के बाद उनके पिता बैठे ही थे कि बदमाशों ने उन पर हमला घर दिया। आवाज सुनकर डॉ बाबूराम की पत्नी भी जाग उठी। पत्नी को देख बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर शराबा होने पर दोनों बदमाश फरार हो गए। बताया कि आवाज सुनकर अन्य परिवार के सदस्य भी जाग गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। बताया कि करीब दो घंटे तक बदमाश हॉस्पिटल में छिपे रहे। जब उनके पिता मरीज देखने के बाद फ्री हुए तब घात लगाए बदमाशों ने हमला किया। बताया कि बदमाश सीढ़ियों के सहारे वो हॉस्पिटल की छत पर चढ़े जो सीसीटीवी में चढ़ते हुए दिखाई भी दे रहे हैं।




