नैनीताल। देवभूमि की महिलाओं, देवी—देवताओं और लोकसंस्कृति को लेकर आपत्तिजनक व अपमानजनक टिप्पणी करना एक महिला को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया मेंं वीडियो वायरल होने पर आरोपी महिला ज्योति अधिकारी के खिलाफ थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एक महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर की गई है। जिसकी जांच शुरू हो चुकी है और पुलिस द्वारा ज्योति अधिकारी को नोटिस थमा दिया गया है।
पुलिस को दी गयी तहरीर के अनुसार, कुछ दिन पूर्व अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में आयोजित धरना—प्रदर्शन के दौरान ज्योति अधिकारी नाम की महिला ने हाथ में दराती लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके द्वारा उत्तराखंड की महिलाओं के लिए अभद्र और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। साथ ही देवभूमि के देवी—देवताओं को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिससे स्थानीय महिलाओं और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया है।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि संबंधित महिला पूर्व में भी विभिन्न ब्लॉग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करती रही है, जिसको लेकर पहले भी विरोध दर्ज कराया जा चुका है।
मामला सामने आने के बाद कुमाऊँ मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में महिला संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने तीव्र नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि महिलाओं, देवी—देवताओं और लोकसंस्कृति का अपमान देवभूमि की सांस्कृतिक और सामाजिक अस्मिता पर सीधा हमला है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है।




