हरिद्वार। चंद्राचार्य चौक पर बीती शाम लोहड़ी कार्यक्रम के दौरान अचानक एक खड़ी कार में आग लग गई। जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर ट्रैफिक कर्मी व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो गया था।
कार्यक्रम चंद्राचार्य व्यापार मंडल की ओर से हर वर्ष की तरह आयोजित किया गया था। व्यापारी और स्थानीय लोग लोहड़ी जलाकर उत्सव मना रहे थे। तभी लोहड़ी की आग पास में खड़ी एक कार तक पहुंच गई। देखते ही देखते कार धू—धू कर जलने लगी। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा तफरी मच गई। इसी दौरान मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने बिना देरी किए फर्स्ट रिस्पॉन्स दिया। मौके पर पहुंचे सीपीयू इंचार्ज हितेश कुमार ने तत्काल आसपास की दुकानों से अग्निशामक यंत्र मंगवाए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके साथ ही व्यापारियों के सहयोग से पानी की बाल्टियों के जरिए भी आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास खड़े अन्य वाहनों और दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गयां। वहीं सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम करीब 20 मिनट बाद मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया था. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते आग फैलने से रोक ली गई।




