- चमोली जिले के जोशीमठ के पास हुआ हादसा, 6 लोग थे सवार
- बदरीनाथ से लौट रहा था हेलीकाप्टर, तलाश में जुटी है सेना व टीमें
- जोशीमठ के हाथी पर्वत क्षेत्र से संपर्क टूटा, बर्फबारी में भरी थी उड़ान
देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से लौट रहे एक हेलीकाप्टर के लापता होने की सूचना से हड़कंप मच गया है। हेलीकाप्टर में पायलट समेत छह लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। हेलीकाप्टर का संपर्क टूटने के बाद उसकी तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तलाश और बचाव कार्य के लिए दो अन्य हेलीकाप्टर भी भेजे गए हैं। सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा है कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकाप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकाप्टर ने दोपहर को बदरीनाथ धाम से उड़ान भरी थी। इसके बाद जोशीमठ के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में उसका संपर्क टूटने की सूचना है। घटना के समय क्षेत्र में बर्फबारी होने की भी जानकारी दी गई है। हेलीकाप्टर के लापता होने की सूचना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और बचाव दल सक्रिय हो गए हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, भारतीय सेना की ओर से भी प्रशासन को हाथी पर्वत के आसपास संभावित दुर्घटना की सूचना दी गई। इसके बाद बचाव अभियान तेज किया गया।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक हेलीकाप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने, उसमें सवार लोगों की स्थिति और हादसे के संभावित कारणों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है। ऐसे में दुर्घटना और जनहानि को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। बताया जा रहा है कि हेलीकाप्टर में पायलट सहित छह लोगों के सवार होने की सूचना है। फिलहाल सबसे बड़ी चिंता हेलीकाप्टर में सवार लोगों की सुरक्षित तलाश है। दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र और बर्फबारी के बीच बचाव अभियान में चुनौतियां आ सकती हैं। प्रशासन की ओर से अभियान की प्रगति और यात्रियों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी मिलने का इंतजार है।
सीएम धामी ने जताया दुख
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकाप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है। स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।
टीम घटनास्थल के लिए रवाना
पोस्ट जोशीमठ से उप निरीक्षक मनोहर कन्याल द्वारा बताया गया कि एसडीएम जोशीमठ को सूचना प्राप्त हुई कि जोशीमठ क्षेत्र के चाय गांव के ऊपर एक हेली के क्रैश लैंडिंग की सूचना है। इस संबंध में यूकाडा कर्मचारियों द्वारा बताया गया कि चाय गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत हेली की लोकेशन दिख रही है, जो बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा के लिए आ रहा था, जिसमें 05 पैसेंजर और 01 पायलट सवार है, अभी क्रैश और क्रैश लैंडिंग की पूर्ण जानकारी नहीं है। एसडीआरएफ की जोशीमठ टीम और पांडुकेश्वर की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है।





