- इंडिया गठबंधन को बताया ठग बंधन
- बागेश्वर में भाजपा की ही हवा
बागेश्वर। 5 सितंबर को होने वाले बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव में अपनी अपनी हवा बनाने में जुटे भाजपा व कांग्रेस के नेताओं द्वारा अपनी—अपनी जीत के दावे किए जा रहे हैं। आज बागेश्वर पहुंचे पूर्व सीएम और पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने 2024 में फिर भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि विपक्ष चाहे जितना प्रयास कर ले भाजपा फिर एक बार अपनी जीत दर्ज करने वाली है। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि विपक्ष का इंडिया गठबंधन सही मायने में ठग बंधन है।
भगत दा से जब पत्रकारों ने पूछा कि बागेश्वर उपचुनाव के बारे में आपका क्या कहना है तो उन्होंने कहा कि आप ही मेरे कान में आकर बताते हो कि हवा भाजपा के पक्ष में है जब हवा भाजपा के पक्ष में है तो जीत भी भाजपा की ही होगी। उन्होंने कहा कि चंदन रामदास एक जन प्रिय नेता थे। बागेश्वर के लोगों की उन्होंने जी जान से सेवा की थी ऐसे में लोग उन्हें भला कैसे भुला सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की बागेश्वर में ही जीत पक्की नहीं है 2024 के आम चुनाव में भी भाजपा एक बार फिर बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश समग्र विकास की ओर अग्रसर है।
उन्होंने विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह राजनीतिक दलों का गठबंधन नहीं ठगबंधन है। उन्होंने कहा कि इन राजनीतिक दलों के नेताओं के काले कारनामों की अब जांच हो रही है और देश के लोगों के सामने आ रहा है कि इन दलों ने कैसे देश की जनता को ठगा है। देश की जनता अब किसी भी बहकावे में आने वाली नहीं है। भाजपा 2024 में पूर्ण बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव बहुत दूर है चुनाव तक इन दलों व नेताओं में कैसे कुर्ता घसीटन होती है यह चुनाव तक भी एक साथ नहीं रह सकेंगे।