देहरादून। वन विभाग की भूमि पर किये गये कब्जे को लेकर हुए उपद्रव के बाद पुलिस प्रशासन भी चौकन्ना हो चुका है। पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि जांच में यह सामने आया है कि कुछ लोगों द्वारा वन विभाग की जमीन को अपना बताकर बेचा गया है। जिस किसी के साथ भी ऐसी धोखाधड़ी की गयी है वह अपनी शिकायत पुलिस के पास कर सकता है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर वन विभाग की ओर से ऋषिकेश क्षेत्रांर्तगत शिवाजीनगर, बापूग्राम, सुमन विहार, नंदू फार्म, अमितग्राम व रूषा फार्म में खाली प्लाटो की सूची तैयार कर वहंा पर साइनबोर्ड लगाकर उसकी जियो टैगिंग की जा रही है। वन विभाग को 5 जनवरी को इसकी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में जमा करनी है। जबकि स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे है। इसी मामले को लेकर बीते रोज अचानक बड़ा बवाल हो गया। जिसके कारण पुलिस पर पथराव जैसी घटनाएं भी सामने आयी है।
मामले में अब पुलिस द्वारा भी सख्त रूख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह द्वारा बयान जारी कर कहा गया है कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के क्रम में वन विभाग द्वारा वन भूमि का सर्वे किया जा रहा है कार्रवाई के दौरान यह प्रकाश में आया है कि सरकारी वन भूमि को निजी भूमि बताकर कुछ लोगों द्वारा आमजन को बेचा गया है, यदि किसी व्यक्ति द्वारा ऐसा कृत किया गया है तो उसकी शिकायत पीड़ित पुलिस को कर सकते है पुलिस द्वारा ऐसे सभी लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




