उत्तरकाशी। दो मंजिला मकान में अचानक आग लगने से एक ढाई माह की मासूम बच्ची की जिन्दा जलकर मरने से दर्दनाक मौत हो गयी। आग लगने की इस घटना में घर का सारा सामान जलकर स्वाह हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बड़कोट क्षेत्र के कोटि गगटाड़ी निवासी श्ौलेन्द्र चौहान का लसरी नामे तोक में दो मंजिला आवासीय मकान और छानी है। इसी मकान में नेपाली मूल का मन बहादुर भी अपने परिवार के साथ रहकर कार्य करता था। बीती देर शाम अचानक मकान में आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि मकान के भीतर मौजूद लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन मन बहादुर की ढाई माह की मासूम बच्ची आग की चपेट में आ गई, जिसे बचाया नहीं जा सका। आग में झुलसने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो—रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन न होने के कारण इस तरह की घटनाओं में नुकसान अधिक हो जाता है।




