- टौंस और यमुना चेतावनी स्तर के करीब
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में बीती रात से आज सुबह तक कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहा। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से आज सुबह 8 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिला मुख्यालय में सर्वाधिक 53 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मोरी में 42 मिमी, बड़कोट में 26 मिमी, भटवाड़ी में 23 मिमी, चिन्यालीसौड़ और पुरोला में 20—20 मिमी तथा डुण्डा में 10 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
बारिश के बीच जिले की प्रमुख नदियों के जलस्तर पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है। सुबह 8 बजे के आंकड़ों के अनुसार टौंस नदी मोरी में 1266.71 मीटर पर बह रही थी, जबकि इसका चेतावनी स्तर 1267 मीटर है। यानी नदी चेतावनी स्तर से महज 0.29 मीटर नीचे है। इसी तरह यमुना नदी नौगांव में 1058.95 मीटर दर्ज की गई, जो 1059 मीटर के चेतावनी स्तर से महज 0.05 मीटर नीचे है। कुथनौर में यमुना का जलस्तर 1427.32 मीटर दर्ज हुआ। भागीरथी नदी का जलस्तर तिलोथ पुल पर 1120.80 मीटर रहा, जबकि चेतावनी स्तर 1122 मीटर है। हर्षिल में भागीरथी 2492.71 मीटर पर दर्ज की गई। पुरोला में कमल नदी का जलस्तर 1196.90 मीटर रहा।
बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पालीगाड, सिलाई बैंड, दुर्बिल और बनास के पास मलबा एवं पत्थर आने से यातायात बाधित है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम द्वारा मार्ग खोलने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू बताया गया है। फिलहाल जनपद में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है और स्थिति सामान्य है।




