Home उत्तराखंड देहरादून तोहफों की राजनीति या निवेश

तोहफों की राजनीति या निवेश

0
61

लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र सरकार का हर बड़ा फैसला अब केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं रह जाता, बल्कि उसके राजनीतिक संदेश भी तलाशे जाते हैं। ऐसे समय में मोदी कैबिनेट द्वारा किसानों और युवाओं को केंद्र में रखकर लिए गए हालिया फैसलों ने यह संकेत देने की कोशिश की है कि सरकार 2029 की राह में ग्रामीण भारत, कृषि और युवा वर्ग को अपनी प्राथमिकता बनाए रखना चाहती है। कैबिनेट ने पीएम-किसान सम्मान निधि योजना को अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ाते हुए लगभग 3.15 लाख करोड़ से अधिक के प्रावधान को मंजूरी दी है। इसके साथ ही खेलों को बढ़ावा देने के लिए पुनर्गठित खेलो इंडिया कार्यक्रम और पीएम सूर्य सरोवर योजना जैसे फैसलों को भी हरी झंडी दी गई है। सरकार का तर्क है कि इन निर्णयों से किसानों की आय, युवाओं के अवसर और हरित विकास को नई गति मिलेगी। लेकिन सवाल यह है कि क्या सिर्फ योजनाओं का विस्तार ही पर्याप्त है? पीएम-किसान योजना ने करोड़ों किसानों तक प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया है। इससे छोटे किसानों को खेती के लिए नकदी उपलब्ध होती है और साहूकारों पर निर्भरता कुछ हद तक घटती है। यह भी सच है कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण ने पारदर्शिता बढ़ाई है। लेकिन आज भारतीय किसान की सबसे बड़ी चुनौती केवल नकद सहायता नहीं, बल्कि खेती की बढ़ती लागत, मौसम की अनिश्चितता, सिंचाई, बाजार और उचित मूल्य भी हैं। यदि छह हजार रुपये सालाना सहायता मिल भी जाए, लेकिन उर्वरक, डीजल, बीज और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ती रहे, तो यह राहत सीमित साबित होती है। इसलिए सरकार की अगली चुनौती कृषि को केवल सहायता आधारित नहीं, बल्कि लाभकारी व्यवसाय बनाने की होनी चाहिए। युवाओं के संदर्भ में भी यही स्थिति है। खेलो इंडिया का विस्तार और खेल अवसंरचना पर निवेश स्वागतयोग्य है। इससे प्रतिभाओं को मंच मिलेगा और भारत की खेल शक्ति मजबूत होगी। लेकिन देश के करोड़ों युवाओं की सबसे बड़ी चिंता आज भी रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया है। सरकार ने हाल के महीनों में परीक्षा प्रणाली में सुधार और भर्ती प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में भी कदम उठाए हैं। इसके बावजूद युवाओं का विश्वास तभी मजबूत होगा, जब सरकारी भर्तियां समय पर पूरी हों, प्रतियोगी परीक्षाएं विवादों से मुक्त रहें और निजी क्षेत्र में भी रोजगार सृजन तेजी से बढ़े। इन फैसलों का समय भी महत्वपूर्ण है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर दबाव, मानसून पर निर्भर कृषि, युवाओं की अपेक्षाएं और विभिन्न राज्यों में होने वाले चुनावकृइन सबके बीच सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उसका फोकस किसान और युवा दोनों हैं। विपक्ष इसे चुनावी तैयारी कह सकता है, जबकि सरकार इसे विकास की निरंतरता बताएगी। दोनों दावों के बीच अंतिम फैसला जनता करेगी। सरकार की नीतियों का मूल्यांकन केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि उनके जमीनी असर से होना चाहिए। यदि पीएम-किसान का पैसा समय पर किसानों तक पहुंचे, खेल योजनाओं से गांवों के खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच तक पहुंचें और युवाओं को रोजगार एवं निष्पक्ष अवसर मिलें, तब यह फैसले केवल राजनीतिक घोषणा नहीं बल्कि दूरगामी निवेश साबित होंगे। भारत आज उस दौर में है जहां कल्याणकारी योजनाओं और आर्थिक सुधारों के बीच संतुलन सबसे बड़ी चुनौती है। किसानों को सम्मान, युवाओं को अवसर और अर्थव्यवस्था को गति यदि ये तीनों लक्ष्य साथ-साथ आगे बढ़ते हैं, तभी ऐसे फैसले इतिहास में सफल माने जाएंगे। अंततः किसी भी सरकार की असली सफलता योजनाओं की संख्या से नहीं, बल्कि इस बात से तय होती है कि वह आम नागरिक के जीवन में कितना वास्तविक परिवर्तन ला पाती हैं। किसानों और युवाओं को दिया गया यह तोहफा तभी सार्थक होगा, जब यह चुनावी सुर्खियों से निकलकर खेतों, गांवों, खेल मैदानों और रोजगार के अवसरों तक पहुंचे। यही इसकी सबसे बड़ी परीक्षा होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here