June 11, 2026चमोली। चमोली जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देवाल-घेस मोटरमार्ग पर कुनार बैंड के समीप एक कमर्शियल बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन देवाल से घेस की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुनार बैंड के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरते हुए केल नदी की ओर जा पहुंचा। हादसे के समय वाहन में कुल आठ लोग सवार थे।दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गहरी खाई होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन किस कारण से अनियंत्रित हुआ। पुलिस तकनीकी और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। प्रशासन मृतकों की पहचान और अन्य जरूरी औपचारिकताओं में जुटा हुआ है।
June 11, 2026देहरादून। अनिष्ट होने का भय दिखाकर पूजा पाठ के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ठगे गये लाखों रूपये के गहने व नगदी बरामद कर ली। पुलिस ने उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।आज यहां इसकी जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि 31 मई को श्रीमती ओशीन गुंरग पत्नी अनीश गुरुग निवासी शहीद किशन थापा मार्ग सेलाकुई द्वारा थाना सेलाकुई पर एक शिकायती प्रार्थना पत्र महन्त राहुल थापा के विरुद्ध दिया गया। जिसमें उसके द्वारा बताया गया कि ढाई माह पूर्व राहुल थापा द्वारा तंत्र—मंत्र, डर व अंधविश्वास का सहारा लेकर उनके तथा उनके परिजनों के साथ कुछ अनिष्ट होने का विश्वास दिलाते हुए उसे दूर करने के लिये उनके घर पर अनुष्ठान करने की बात कही गई तथा पूजा पाठ व अनुष्ठान के नाम पर धोखाधडी से उनका 65 तोला सोना गायब कर दिया। प्राप्त प्रार्थना पत्र की जांच के दौरान प्रथमदृष्टया तथ्यों की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत उसके अनावरण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर थाना सेलाकुई पर 02 अलग—अलग टीमों का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा मुकदमें की जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुकदमें में नामजद राहुल थापा पुत्र गिरीश थापा निवासी तेलपुरा अटक फॉर्म सेलाकुई को पूछताछ हेतु हिरासत में लिया गया, जिससे सख्ती से पूछताछ करने पर उसके द्वारा महिला से धोखाधडी कर उक्त आभूषणों को गायब करने की बात स्वीकार की गई। जिस पर पुलिस टीम द्वारा उसको मौके से गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर महिला से धोखाधडी कर प्राप्त किये गये आभूषणों को गलाकर बनाये गये 150 ग्राम के बिस्कुटनुमा बार व आभूषणों को बेचकर प्राप्त किये गये 05 लाख रूपये की नगदी बरामद की गई। पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वह अपने परिवार के साथ तेलपुरा अटकफार्म सेलाकुई में रहता है तथा वर्ष 2013 से पण्डिताई का काम कर रहा है। वह लोगो का भविष्य देखता है तथा माता की चौकी लगाता है। कई बार उसके द्वारा बताई गई बातें सच होने पर लोगों द्वारा उसके एवज में उसे अच्छी धनराशि दी जाती है, जिससे उसका खर्चा चलता है। विगत कुछ समय से ज्यादा पैसे कमाने के लालच में उसने एक योजना बनाई जिसमें वह अपने अमीर शिष्यों के घर जाकर रात्रि में चुपचाप से घर के बाहर एक पोटली में जादू—टोने का सामान फेंक देता तथा अगले दिन उन्हें फोन कर रात्रि में सपना आने की बात कहते हुए उनके घर पर किसी व्यक्ति द्वारा जादू टोना करने का विश्वास दिलाते हुए पूजा अनुष्ठान के नाम पर मोटी धनराशि वसूलता था। ओशीन गुंरग, जिसे वह काफी समय से जानता है तथा वह उसकी दूर की रिश्तेदार भी हैं। उसे जानकारी थी कि वह अपने परिवार की इकलौती बेटी है तथा उसे जानकारी थी कि उसके पास काफी कीमती आभूषण हैं, जिन्हें देखकर उसके मन में लालच आ गया था तथा उक्त आभूषणों को प्राप्त करने के लिये उसके द्वारा एक योजना बनाई तथा योजना के मुताबिक एक मार्च की रात्रि लगभग 11 बजे वह अपनी स्कूटी से ओशिन गुरंग के शहीद किशन थापा मार्ग सेलाकुई स्थित घर पहुंचा तथा घर के बाहर एक काले कपड़े के अंदर बंधी हुई पोटली उसने गेट के अंदर फेंक दी, जिसमें उड़द की दाल, रोली, लॉन्ग, नींबू का टुकड़ा तथा अन्य सामग्री थी उसके पश्चात अगली सुबह दो मार्च को उसके द्वारा ओसिन गुरुंग को फोन कर बताया कि उसे आभास हुआ है कि उनके घर में किसी ने बहुत बड़ा टोना टोटका किया हुआ है तथा उसे बाहर गेट के पास जाने को कहा जहां उसने पहले से ही काले रंग के कपडे में उक्त पोटली को फेका था। ओसिन गुरूंग ने वीडियो कॉल कर उसे उक्त काले कपड़े की पोटली दिखाई, जिसे देखकर उसने महिला को उक्त पोटली को खोलने तथा थोडी देर में खुद उसके घर आने की बात कही गई। महिला के घर पहुंचकर उसने उसे घर में अनिष्ट होने का भय दिखाते हुए उसे दूर करने के लिये पूजा अनुष्ठान करने तथा अनुष्ठान के लिये लगने वाली सामग्री नोट करवाई साथ ही अनुष्ठान के लिये एक संदूक भी लाने को कहा। अनुष्ठान के दौरान उसने उक्त महिला से उसके तथा उसकी माता के सारे आभूषण एक पोटली में बांधकर उक्त संदूक में रखने को कहा तथा आभूषणों के साथ तीन नारियल, कुछ चावल व फूल उक्त संदूक में रख दिये तथा उक्त महिला व उसकी माता को कुछ चावल के दाने देकर छत की परिक्रमा के लिये भेज दिया तथा मौका देखकर संदूक में रखे आभूषण बाहर निकालकर संदूक को बंद कर दिया। पूजा समाप्त होने के पश्चात उसके द्वारा उक्त संदूक को मन्दिर में रखने तथा 62 दिन बाद स्वंय आकर खोलने की बात कही गई थी तथा संदूक से निकाले गये आभूषणों को वह अपने साथ चोरी छिपे ले गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगे गया सोना व नगदी बरामद कर ली।
June 11, 2026नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पार्टी से अलग होने की चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने गुरुवार को कहा है कि ममता बनर्जी ने मुसीबत में मेरा साथ दिया, मैं उनका साथ नहीं छोड़ूंगा। टीएमसी सांसद ने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों से मेरे बारे में बहुत अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ लोग सच बोल रहे हैं, तो कुछ अफवाहें फैला रहे हैं। कुछ लोगों ने दावा किया है कि मैं तथाकथित बागी गुट में शामिल हो गया हूं। हां, स्वभाव से मैं हमेशा से बेबाक रहा हूं। मैं अक्सर कहता हूं कि अगर सच बोलना बगावत है, तो मैं भी बागी हूं। मैं साफतौर पर कहना चाहता हूं कि मुश्किल समय में ममता जी मेरे साथ खड़ी थीं और आज उनके मुश्किल दौर में, मैं उन्हें अकेला नहीं छोड़ सकता। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, मैं आसनसोल और पश्चिम बंगाल के लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे इतना प्यार, सम्मान और समर्थन दिया और बार-बार मेरी जीत पक्की की। मैं पहली बार दीदी (ममता बनर्जी) के बुलावे और उनके कहने पर आसनसोल आया था। वहां अपने पहले ही चुनाव में, मैंने रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की। बाद में, मैं दूसरी बार भी बड़े अंतर से जीता। इसलिए, मैं खास तौर पर ममता जी, तृणमूल कांग्रेस और सबसे बढ़कर आसनसोल और पश्चिम बंगाल के लोगों का धन्यवाद करना चाहता हूं। उन्होंने आगे कहा कि मैं यह साफ करना चाहता हूं कि मैंने बंगाल में हमेशा सभी के लिए काम किया है, चाहे वे किसी भी पार्टी से हों या उन्होंने मुझे वोट दिया हो या नहीं। मैं अपनी जिम्मेदारियों को समझता हूं और उन्हें पूरा करता रहूंगा। ममता बनर्जी उन कुछ लोगों में से थीं जिन्होंने मेरा साथ दिया और मेरा हौसला बढ़ाया। उनका मानना था कि मुझे अपनी संसदीय यात्रा में बिना किसी रुकावट के सार्वजनिक जीवन में बने रहना चाहिए और उन्हीं के कहने पर मैंने आसनसोल से चुनाव लड़ा।भगवान की कृपा और ममता जी व आसनसोल की जनता के समर्थन से मुझे जीत मिली।
June 11, 2026सड़के बंद, विघुत आपूर्ति ठप, जनजीवन अस्त व्यस्त रूद्रप्रयाग। विकासखंड जखोली में बारिश का कहर देखने को मिला है। मायली—रणधार मोटर मार्ग पर लिस्वाटा गांव के नजदीक भूस्खलन के चलते मार्ग बाधित हो गया है। विश्वनाथ सेवा समेत कई वाहन सड़क के दोनों ओर फंसे पड़े हैं।जानकारी के अनुसार बीती शाम जखोली विकासखंड में बीती शाम हुई मूसलाधार बारिश ने क्षेत्र में काफी नुकसान पहुंचाया है। खलियाण गांव के पास बरसाती नाला अचानक उफान पर आ गया, जिससे वहां बनी पुलियाएं क्षतिग्रस्त हो गईं और एक महत्वपूर्ण मोटर मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बताया जा रहा है कि तहसील जखोली के ग्राम सभा खलियाण में स्थित राम मंदिर के पास बहने वाला बरसाती नाला भारी बारिश के चलते अचानक तेज बहाव में आ गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में अफरातफरी का माहौल बन गया। तेज बहाव के कारण पुजार गांव से जंगल की ओर जाने वाले मार्ग पर बनी दो से तीन पुलियां टूटकर क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। इसके साथ ही पुजारगांव—सिरवाड़ी मोटर मार्ग पर भारी मलबा और बड़े—बड़े पत्थर आने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण क्षेत्र का संपर्क अन्य इलाकों से कट गया है और लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर सड़क को खोलने और स्थिति को सामान्य करने के प्रयासों में लगातार जुटी हुई हैं।
June 11, 2026देहरादून। ओलंपिक पदक विजेता विश्व विख्यात बॉक्सर मैरी कॉम ने प्रमुख सचिव आरके सुधांशु से शिष्टाचार भेंट की।आज यहां प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आर.के. सुधांशु से ओलंपिक पदक विजेता विश्व विख्यात बाक्सर एवं भूतपूर्व राज्यसभा सदस्य मैरी कॉम ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर कॉर्पाेरेट एवं गैर—सरकारी संगठनों के सहयोग से खेल क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभाओं के विकास हेतु विभिन्न संभावनाओं पर सार्थक चर्चा की गई।मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करने और राज्य में खेल संस्कृति को सुदृढ़ कर राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य के खिलाडियों को अवसर प्रदान करने हेतु संभावना पर विचार किया गया।इस मौके पर सचिव रणवीर सिंह, खेल निदेशक श्रीमती दीप्ती सिंह एवं अपर सचिव मुख्यमंत्री मनमोहन मैनाली उपस्थित रहे।
June 11, 2026नई दिल्ली। पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को बताया कि ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर अमेरिकी सैन्य हमले के बाद लापता हुए तीनों भारतीय नाविकों के शव मिले हैं। इस घटना के बाद भारत ने अमेरिका के उप मिशन प्रमुख को तलब किया था और हमले के ख़िलाफ़ कड़ा विरोध दर्ज कराया था। सर्बानंद सोनोवाल ने एक्स पोस्ट में लिखा है, पलाऊ के झंडे वाले एमटी सेटेबेलो शिप पर हुई दुखद घटना के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ है। दुख की बात है कि पहले लापता बताए गए तीन भारतीय नाविकों के शव अब बरामद कर लिए गए हैं और उनकी पहचान की पुष्टि हो चुकी है।यह हमारे लिए एक अपूरणीय क्षति है। इस कठिन समय में मोदी सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ी है और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बचाए गए चालक दल के सदस्यों की तत्काल वापसी सुनिश्चित की जाए और दिवंगत नाविकों के पार्थिव शरीर को उनके अंतिम संस्कार के लिए जल्द भारत लाया जाए। इससे पहले फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया के महासचिव मनोज यादव ने बताया था, “मृतकों की पहचान डेक कैडेट आदित्य शर्मा और इंजन फिटर शिवानंद चौरसिया के रूप में हुई है।”चीफ़ इंजीनियर पटनाला सुरेश को पहले लापता बताया जा रहा था लेकिन उनका शव भी बरामद हो गया है।विदेश मंत्रालय ने इस हमले की निंदा की है लेकिन अपने बयान में अमेरिका का नाम तक नहीं लिया था। हालांकि सोमवार को पलाऊ के झंडे वाले तेल टैंकर एमटी मैरीवेक्स पर अमेरिकी हमले के उलट भारत ने बुधवार को हुए हमले की खुलकर निंदा की। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर कज़ाखस्तान की यात्रा पर थे, इसलिए अमेरिकी दूतावास के कार्यवाहक प्रमुख को तलब किया गया। मैरीवेक्स पर मौजूद 24 भारतीय नाविकों को भी ओमान की सेना ने सुरक्षित बचा लिया था। अमेरिका इस जहाज़ पर पहले ही प्रतिबंध लगा चुका था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया कि पलाऊ के झंडे वाले तेल टैंकर सेटेबेलो ने ईरान से तेल ले जाते हुए जारी नाकाबंदी का उल्लंघन किया था। इस घटना ने एक बार फिर खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष और समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, ख़ासकर तब जब इस हमले में भारतीय नाविकों की जान गई है। भारत सरकार ने नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के उप प्रमुख जेसन मीक्स को तलब किया और इस घटना पर विरोध जताया।