टिहरी। चारधाम यात्रा के दौरान लगातार हो रही बस दुर्घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऋषिकेश—गंगोत्री हाईवे पर एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 5 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कंडीखाल—चंबा मार्ग पर खेतधार मोड़ के पास एक बस दुर्घटना हुई है। गंगोत्री धाम से केदारनाथ धाम की ओर जा रही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन से टकराकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना कंडीखाल से लगभग 3 किलोमीटर आगे जौलांगी के समीप हुई। बस में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 18 यात्री, 2 कुक, 1 ड्राइवर और 1 परिचालक शामिल थे। हादसे में 5 यात्री घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। कंडीखाल पुलिस चौकी इंचार्ज राजेंद्र कुमार ने बताया कि बस चारधाम यात्रा पर निकली थी। मोड़ पर बस का कंट्रोल छूटने से यह हादसा हुआ। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।




