Home News Posts उत्तराखंड सड़क दुर्घटना में शिक्षक सहित दो की मौत, दो गम्भीर घायल

सड़क दुर्घटना में शिक्षक सहित दो की मौत, दो गम्भीर घायल

0
82

उधमसिंहनगर। नई कार लेकर लौट रहे चंपावत के शिक्षक की नानकमत्ता में सड़क हादसे में मौत हो गयी। दुर्घटना के दौरान हुई आमने सामने की टक्कर में दूसरी कार सवार एक अन्य व्यक्ति भी काल के गाल में समा गया। वहीं दोनो कारो में सवार दो अन्य लोग भी गम्भीर रूप से घायल हुए है, जिनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता थाना क्षेत्र में हाईवे पर दो कारों की आमने—सामने की भीषण टक्कर में चंपावत निवासी शिक्षक संजय पांडे और किच्छा निवासी युवक दीपांत सिंघल की मौत हो गई। दुर्घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार सितारगंज उपजिला चिकित्सालय में चल रहा है। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार चंपावत जनपद के माडली क्षेत्र निवासी 41 वर्षीय शिक्षक संजय पांडे पुत्र भुवन पांडे राजकीय इंटर कॉलेज बालातड़ी में तैनात थे। बीते रोज वह अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ हल्द्वानी नई कार खरीदने गए थे। देर रात करीब 10.30 बजे दोनों नई कार लेकर चंपावत लौट रहे थे। इसी दौरान नानकमत्ता—दहला रोड हाईवे पर उनकी नई कार की सामने से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भिड़ंत बेहद तेज थी। हादसे के बाद दोनों वाहनों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर नानकमत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज भेजा गया। बताया जा रहा है कि शिक्षक संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी चंद्रप्रकाश जोशी घायल हो गए। वहीं दूसरी कार में सवार किच्छा निवासी 24 वर्षीय दीपांत सिंघल पुत्र पवन कुमार सिंघल की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं 27 वर्षीय मनप्रीत सिंह पुत्र बिश्चल सिंह निवासी किच्छा घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि संजय पांडे शिक्षण कार्य के साथ भजन गायकी से भी जुड़े थे और क्षेत्र में उनकी पहचान एक मिलनसार एवं धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति के रूप में थी। उनके निधन की खबर के बाद चंपावत क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। वहीं, दीपांत सिंघल की मौत से किच्छा स्थित उनके परिवार और परिचितों में भी शोक पसरा हुआ है। शवों का पोस्टमार्टम खटीमा में किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here