नैनीताल। बंद घरों के ताले चटका कर चोरी करने वाले सपेरे गैंग के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से चुरायी गयी 25 लाख रूपये की ज्वैलरी बरामद की गयी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. मंजुनाथ टी.सी. ने बताया कि बीती 5 मई को मनोज कुमार जोशी पुत्र गोपाल दत्त जोशी हरिपुर मोतिया (निकट हरिपुर जमन सिंह इण्डर कालेज) पोस्ट देवलचौड़ रामपुर रोड (हल्द्वानी) जिला नैनीताल द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया गया था कि वह 1 मई को अपने आवास, हरिपुर मोतिया पोस्ट देवलचौड़ रामपुर रोड हल्द्वानी नैनीताल से कोटाबाग गया हुआ था, रात 8.40 बजे के मध्य चोरो द्वारा मेरे घर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। जिसमें मेरा सोना व चाँदी के आभूषण चोरी कर लिया गया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी।
वहीं दूसरी ओर थाना मुखानी में बीती 8 मई को लक्ष्मण सिंह पुत्र बचन सिंह निवासी पूरनपुर कृष्णा पुरम मुखानी द्वारा तहरीर देकर बताया गया था कि बीती 30 अप्रैल को अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर का चैनल व दरवाजे का लॉक तोडकर घर के अन्दर से 4000 रूपये, घड़ी, हेलमेट व पायल चोरी कर ली गयी है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी। उक्त घटनाओं के तत्काल अनावरण हेतु एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा एक पुलिस टीम का गठन किया गया। कोतवाली हल्द्वानी एवं मुखानी की संयुक्त गठित टीम द्वारा जब घटनास्थल व उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज को चैक किये जाने पर, कुछ व्यक्ति घर में ताला तोड़कर घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं जिस संबंध में आस पास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि 2 लोग संदिग्ध अवस्था में हरिद्वार के नम्बर की बाईक से घूम रहे थे गठित टीम द्वारा उनको तलाश करते हुए बीती शाम बेल बाबा मंदिर के पास हल्द्वानी से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। जिनके कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद किया गया है। पूछताछ में उन्होने अपना नाम प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप पुत्र परवीन, गुरविंदर पुत्र देवीचंद व रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु पुत्र, संतोषनाथ निवासी ग्राम घोसीपुरा, सपेरा बस्ती चौकी, फेरूपुर थाना पथरी जिला हरिद्वार बताया। बताया कि तीनों हरिद्वार में रहते हैं सपेरे का काम करते हैं। नैनीताल घूमने आये थे, वापसी में हल्द्वानी टीपी नगर क्षेत्र में होटल में रूके थे तथा रात को बन्द घरों की रैकी करने के बाद चोरियों को अंजाम दिया गया था। बहरहाल पुलिस ने उन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।




