Home News Posts उत्तराखंड कार के ई—रिक्शा से टकराने से दो सगी बहनों की मौत

कार के ई—रिक्शा से टकराने से दो सगी बहनों की मौत

0
161
  • जिस घर से बारात जानी थी वहंा से उठे दो जनाजे

उधमसिंहनगर। सितारगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार के कहर ने एक हँसते—खेलते परिवार की खुशियों को उम्र भर के गम में बदल दिया है। किच्छा हाईवे पर एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े ई—रिक्शा को भीषण टक्कर मार दी, जिससे दो सगी बहनों की मौत हो गयी। जबकि पांच लोग गम्भीर रूप से घायल हुए है। बताया जा रहा है कि आज जिस घर से आज भाई की बारात प्रस्थान करनी थी, वहाँ अब जनाजे उठाये जा रहे है।
जानकारी के अनुसार, सितारगंज के नया गांव निवासी 22 वर्षीय हिना पुत्री रईस अहमद और उनकी बड़ी बहन 25 वर्षीय निशा पत्नी तौफीक अहमद, अपनी ममेरी बहन रूबी के साथ बीते रोज भाई के निकाह की खरीदारी करने सितारगंज बाजार गई थीं। शॉपिंग के उपरांत तीनों बहनें ई—रिक्शा से वापस घर लौट रही थीं। नया गांव के समीप हाईवे किनारे जब वे रिक्शा से उतरकर चालक को किराया दे रही थीं, तभी सितारगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ओवरटेक करने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया और ई—रिक्शा सहित खड़ी बहनों को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि ई—रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और वहां खड़ी बहनें कई फीट दूर जाकर गिरीं। दुर्घटना में तीनों बहनों सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने सभी को तत्काल चिकित्सालय पहुँचाया। उप जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि उपचार के दौरान हिना ने दम तोड़ दिया, जबकि निशा की मृत्यु रुद्रपुर के एक निजी चिकित्सालय में हुई। ममेरी बहन रूबी का उपचार अभी भी जारी है।
इस दुर्घटना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। घर में भाई के निकाह की तैयारियां चरम पर थीं और आज बारात जानी तय थी, किंतु बहनों की मृत्यु के समाचार ने खुशियों को चीख—पुकार में बदल दिया। माता—पिता बेसुध हैं और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। दुर्घटना में घायल अन्य चार यात्रियो रामकुमार गुप्ता, राजेश्वरी गुप्ता, डालचंद कश्यप और प्रेमपाल गंगवार का भी निजी चिकित्सालयों में उपचार चल रहा है। प्रशासन और पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों वाहनों को अपने अधिकार में ले लिया है। शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here