Home News Posts उत्तराखंड हाथी के हमले में दो लोगों की मौत

हाथी के हमले में दो लोगों की मौत

0
76

नैनीताल। उत्तराखंड में मानव व वन्य जीव संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटनाक्रम नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में सामने आया है। यहंा लालकुआं कोतवाली के पीछे स्थित पहाड़ी खत्ता (पहाड़ी खटृा) में टांडा रेंज के जंगल से निकले एक जंगली हाथी ने दो स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया। जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गये और उन्होने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस व वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह एक हाथी जंगल से निकलकर बस्ती की ओर आया और अचानक दो व्यक्तियों पर आक्रमण कर बैठा। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों व्यक्ति बच नहीं सके। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वन अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों के झुंड अक्सर जंगल की सीमा लांघकर बस्तियों और खेतों में घुस आते हैं, जिससे फसल क्षति के साथ—साथ मानव जान की हानि भी होती रहती है।
बताया जा रहा है कि लालकुआं, हल्द्वानी और हल्दूचौड़ क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। हाथी न केवल फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं बल्कि रिहायशी इलाकों, हाईवे और यहां तक कि कॉलोनियों में भी घुस आते हैं।
हल्द्वानी—लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर अक्सर हाथियों के झुंड दिखाई देते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार हाथी रात भर बस्तियों में डटे रहते हैं और सुबह बाउंड्री वॉल तोड़कर जंगल लौटते हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, जंगलों का सिकुड़ना, आवास क्षेत्र में मानवीय गतिविधियों का बढ़ना और खाघ स्रोतों की कमी के कारण हाथी बस्तियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। यह मानव—वन्यजीव संघर्ष की एक बड़ी मिसाल है, जो उत्तराखंड के तराई क्षेत्र में गंभीर समस्या बन चुकी है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। मांगों में शामिल हैं प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, हाथियों को रोकने के लिए सोलर फेंसिंग, ट्रेंच और अन्य बाधाओं का निर्माण, तथा जागरूकता कार्यक्रम। वन विभाग के अधिकारी मौके पर जांच कर रहे हैं और हाथी के झुंड की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाएगा। साथ ही, क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here