Home News Posts उत्तराखंड छात्रसंघ समारोह कार्यक्रम में डीएवी कालेज में चले चाकू, एक घायल

छात्रसंघ समारोह कार्यक्रम में डीएवी कालेज में चले चाकू, एक घायल

0
46


देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून में आज छात्र संघ समारोह के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे, सीएम का काफिला निकलते ही हुई इस घटना से हड़कंप मच गया और पंडाल में मौजूद छात्र—छात्राओं के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घायल छात्र को कॉलेज की डिस्पेंसरी ले जाया गया, जहाँ उसे प्राथमिक उपचार दिया गया है।
जानकारी के अनुसार चाकूबाजी की यह घटना आज दोपहर करीब 12.30 बजे की है। कॉलेज परिसर में छात्र संघ समारोह के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। मंच के सामने बड़ी संख्या में छात्र—छात्राएं हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के गीतों पर नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान छात्रों के बीच जमकर लात—घूंसे चले। इस हंगामे के दौरान गौरव नाम के एक छात्र पर धारदार चाकू से वार कर दिया गया। चाकू लगते ही गौरव जमीन पर गिर पड़ा और समारोह में भगदड़ मच गई। आनन—फानन में घायल छात्र को कॉलेज डिस्पेंसरी पहुँचाया गया। घायल गौरव कुमार ने बताया कि वह मंच के सामने गाने पर डांस कर रहा था, तभी एक अज्ञात छात्र अचानक आया और उस पर हमला कर दिया। गौरव मूल रूप से गजरौला, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में देहरादून में एक पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहा है। इस बीच मंच पर प्रस्तुति दे रहे मासूम शर्मा ं ने हालात बिगड़ते देख कार्यक्रम बीच में ही रोक दिया और वहां से रवाना हो गए।
समारोह में मुख्यमंत्री की मौजूदगी के कारण सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, लेकिन उनके जाते ही व्यवस्थाएं ध्वस्त नजर आईं। कैंपस में चाकू पहुँचने और सरेआम हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन की सुरक्षा चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here