- कांग्रेस के अंदर चल रहे द्वंद को खत्म करने की बड़ी चुनौती
- भाजपा को हराने की रणनीति कम, कांग्रेस के द्वंद्व पर चर्चा
- कांग्रेस प्रदेश प्रभारी शैलजा का दावा, संपर्क में कई बड़े नेता
देहरादून। विधानसभा 2027 का चुनाव अभी दूर है, लेकिन कांग्रेस की असली अग्नि परीक्षा अभी से शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी के मंचों पर यह सवाल यह नहीं उठ रहा है कि भाजपा को कैसे हराना है, इस बार पर ज्यादा चर्चा हो रही है कि वह नेता फिर नाराज हो गया। अब सवाल यह है कि कांग्रेस के अंदर चल रहे द्वंद को कैसे खत्म किया जाए। इस पर मंथन के बजाय नेतृत्व की बात पर चर्चा ज्यादा हो रही है।
चुनावी साल में राजनीति के कई रंग देखने को मिलते हैं। खासकर अगर विधानसभा का चुनाव हो तो उस समय आंतरिक द्वंद, विरोधाभास, अंतरकलह, दल-बदल और अन्य कई ऐसे चोचले दिखते हैं, जिससे जनता दलों के दलदल को समझने में पीछे नहीं रहती है। यहां खासकर कांग्रेस की हो रही है। यह कहा जाए कि कांग्रेस इस समय अग्नि परीक्षा के दौर से गुजर रही है तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी।
बता दें कि कांग्रेस पार्टी में सब ठीक नहीं है। यह पार्टी के अंदर चल रहे घटनाक्रम से साफ हो गया है। हरदा के राजनैतिक अवकाश, पीसीसी का गठन नहीं होना, पार्टी में दूसरे दलों को शामिल करवाने से लेकर कई अन्य कारणों से कांग्रेस में गुटबाजी सामने आयी है। कांग्रेस के लिए चुनावी साल में पार्टी के अंदर घमासान से अग्नि परीक्षा के दौर से गुजरना पड़ रहा है। इसके बाद भी नेता कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी में सब ठीक है।
कांग्रेस पार्टी के अंदर कुछ ठीक नहीं है। क्योंकि राजनीति में उपवास हमेशा नैतिक दबाव का हथियार रहा है। लेकिन यहां सवाल उठता है यह आत्ममंथन था या संगठन पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की कोशिश है। जब एक वरिष्ठ नेता बार-बार सार्वजनिक मंचों से अपनी ही पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है, तो यह सुधार की प्रक्रिया कम और शक्ति प्रदर्शन ज्यादा लगने लगता है। वही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी में सब ठीक हो जाएगा, लेकिन कोई भी साफ-साफ यह नहीं कह रहा कि समस्या क्या है। क्योंकि समस्या का नाम लेना, शायद सबसे मुश्किल काम है।
दूसरी ओर, उत्तराखंड दौरे पर पहुंची कांग्रेस प्रदेश प्रभारी शैलजा ने दावा किया कि उत्तराखंड कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। पार्टी के अंदर सब कुछ जल्द ठीक हो पाएगा। यदि किसी की नाराजगी भी है तो पार्टी फोरम पर उसे भी दूर किया जाएगा और सबको समझा भी लिया जाएगा। कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी और निश्चित रूप से बीजेपी को हराकर जीत भी दर्ज करेगी।
जल्द होगा पीसीसी का गठन
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि जल्द ही उत्तराखंड में पीसीसी यानी प्रदेश कांग्रेस कमेटी का गठन होगा। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने भी पीसीसी का गठन करने की बात सार्वजनिक मंच पर कही है। कांग्रेस की जितनी ही कमजोर इकाइयां है, उन्हें मजबूत किया जाएगा।




