- पूर्व में भी जा चुका है कई मामलों में जेल
- मामले में एक फरार तलाश जारी
नैनीताल। चंदन की लकड़ी चोरी मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से चुरायी गयी लकड़ियंा बरामद हुई है। हांलाकि मामले में एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार बीते रोज उमेश चन्द्र डालाकोटी पुत्र स्व. जगदीश चन्द्र डालाकोटी निवासी डालाकोटी कंपाउंड रामपुर रोड हल्द्वानी द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया गया था कि उनके कंपाउंड से अज्ञात चोर द्वारा चन्दन का पेड़ काटकर कीमती हिस्से को चोरी कर ली गयी है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी। चोरों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने बीती रात एक सूचना के आधार पर टांडा बैरियर में चेकिंग के दौरान बाइक सवार एक व्यक्ति को चोरी की गई चंदन की लकड़ी के 6 टुकड़ों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने अपना नाम इन्द्रजीत राय पुत्र परमत राय निवासी गांधीनगर वार्ड न.—1 थाना दिनेशपुर जिला ऊधम सिंह नगर बताया। बताया कि वह पूर्व में गदरपुर व दिनेशपुर थानों से चोरी एवं अवैध हथियार के मामलों में जेल जा चुका है। जेल में उसकी मुलाकात कमल उर्फ कोमल ढाली, निवासी सूरज फार्म, ओझा, बिलासपुर (रामपुर) से हुई, जो चंदन तस्करी के मामलों में जेल गया था। चोरी की योजना बनाकर दोनों रात्रि में हल्द्वानी पहुंचे, रामपुर रोड स्थित एक कॉलोनी में मंदिर के पीछे चंदन का पेड़ काटा। आवाज होने पर लोगों के निकलने से बचने के लिए सीसीटीवी कैमरों की तार तक काट दी गई। बाद में लकड़ी को छोटे—छोटे टुकड़ों में काटकर बेचने की योजना थी। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।




