हरिद्वार। अंर्तराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से चुरायी गयी 9 बाइक बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपी बीएससी व आईटीआई के छात्र है जो महंगे शौक पालने के कारण वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया करते थे। जानकारी के अनुसार बीते 14 नवम्बर को गौरव पुत्र राम निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद सिडकुल हरिद्वार द्वारा अपनी बाइक चोरी होने के मामले में थाना रानीपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया था वहीं बीती 1 दिसम्बर को सतेन्द्र सिंह पुत्र हरि सिंह निवासी मौ. कडच्छ ज्वालापुर हरिद्वार द्वारा अपनी बाइक चोरी होने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने वाहन चोरों की तलाश जोर शोर से शुरू कर दी गयी। जिसका सार्थक परिणाम सामने आया। पुलिस ने एक सूचना के आधार पर पथरी पावर हाउस से 2 आरोपियों हिमान्शु पुत्र मुन्नू व अमित पुत्र राजेन्द्र सिंह को मुकदमे से संबंधित मोटर साइकिल के साथ दबोचा गया। दोनों आरोपी मंडावली बिजनौर के निवासी हैं वर्तमान में दोनों भगवतीपुरम कनखल में किराए पर रहते हैं आरोपी हिमांशु गुरूकुल कांगड़ी कॉलेज से बीएससी फाईनल का छात्र है व आरोपी अमित पाल एमएस कॉलेज श्यामपुर पुर से आईटीआई (द्वितीय वर्ष) कर रहा है जो पूर्व में दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट मे जेल जा चुका है। दोनों आरोपियों के घर की आर्थिक स्थिति सही न होने पर घर से पैसा कम मिलने के कारण महंगे शौक, अच्छा रहन सहन की चाहत व नशे की लत पूरी न होने पर दोनों ने बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर चोरी के वाहनों को बेचकर अपनी जरूरतों को पूरा करने का प्लान बनाया। आरोपियों ने हरिद्वार, सहारनपुर, आदि क्षेत्रों से कई मोटर साईकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था जिनकी निशांदेही पर भाईचारा ढाबे से आगे गंगनहर के किनारे झाडियों से चोरी की अन्य 8 मोटर साइकिलें बरामद की गई है।




