- साथ जाम छलकाने वाला ही निकला हत्यारा, पैसा ही बना मौत की वजह
हरिद्वार। नवम्बर माह में जंगल में हुई हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक हत्यारें को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से मृतक के एक लाख से अधिक की नगदी, मृतक का सिम, घटना में प्रयुक्त बाइक व एटीएम कार्ड बरामद हुआ है। आरोपी का एक साथी फरार है जिसकी तलाश जारी है। मृतक की हत्या का कारण पैसा व अय्याशी बतायी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि बीती 24 नवम्बर को थाना श्यामपुर क्षेत्रांतर्गत रवासन नदी के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली। शव की स्थिति से स्पष्ट था कि उसकी हत्या की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मृतक की शिनाख्त के प्रयास किये तो काफी प्रयासों के बाद भी यह संभव नहीं हो सका। इस पर आलाधिकारियो द्वारा थाना श्यामपुर पुलिस व सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीमो को गठित कर प्रकरण के खुलासे के निर्देश दिए। जिन्होने कड़ी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान कर डाली। मृतक की पहचान अभय शर्मा उर्फ हनी निवासी पश्चिमी दिल्ली के रुप में हुई। पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक अय्याश किस्म का व्यक्ति था और हाल फिलहाल फ्लैट बिकने से काफी पैसों का मालिक भी हो गया था। जानकारी में सामने आया कि मृतक सटृा लगाने के साथ साथ दिल्ली क्षेत्र में लड़की सप्लाई करने का काम भी करता था व मृतक हनी पिछले कुछ महीनों से आरोपी नीरज शुक्ला व नागेंद्र (दोनों पेशे से ड्राइवर हैं) से खास दोस्ताना रखता था और तीनों अय्याश थे। मृतक पर अय्याशी व सटृे के कारण लाखों का कर्जा होने पर उसने नीरज शुक्ला के माध्यम से भी लोगों से लाखों का उधार ले रखा था। जिन्हे वह पैसे होने के बावजूद वापस नहीं कर रहा था और पैसे अय्याशी मे उड़ा रहा था। जिस पर नीरज उससे नाराज था। इस पर नीरज ने अपने साथ नागेंद्र को लिया और दोनों ने एक प्लानिंग के तहत मृतक हनी के साथ दिन—रात उठना बैठना किया और , साथ शराब पीते हुए मृतक के मोबाइल नंबर के पासवर्ड, एटीएम का पासवर्ड, बैंक का अकाउंट नंबर इत्यादि महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र कर ली और उसकी हत्या का प्लान बना दिया। प्लान के मुताबिक नीरज द्वारा बताया गया कि हरिद्वार में एक बड़ा तांत्रिक है जो बिल्कुल सही सटृे का नंबर बताता है इस पर मृतक ने नीरज की बात पर विश्वास कर लिया। जिस पर आरोपी नीरज व नागेंद्र ने मृतक को तांत्रिक के पास ले जाने के बहाने हरिद्वार ले आए और नशा होने के बाद सुनसान इलाके में उसकी गला घोटकर हत्या कर दी। जिस पर पुलिस ने आरोपी नीरज को आज नहर पटरी सोनाली पुल के पास से दबोचकर उसके कब्जे से मृतक के खाते से निकाले गए 104000/— रुपए बरामद किए गए और मृतक के खाते में मौजूद लगभग 800000 को फ्रिज करवाया गया। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।




