उत्तरकाशी। राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में इन दिनों गुलदार की दस्तक अचानक बढ़ गयी है। यहंा बाजार, कस्बो व गांवों में आये दिन गुलदार चहलकदमी करते दिखाई दे रहे है। इस क्रम में बीती शाम गंगोत्री हाईवे पर दो गुलदार चहलकदमी करते दिखे। जिस कारण आस पास के रिहाइशी क्षेत्रों में लोग दहशत में है।
जनपद उत्तरकाशी में भी विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने गुलदार को देखा है। गश्त करने वाली वन विभाग की टीम को भी कई स्थानों पर गुलदार नजर आए हैं। श्रीनगर और खिर्सू में हुई घटना के बाद गुलदार को लेकर ग्रामीणों में भय अधिक बढ़ा है। गंगोत्री हाइवे पर भटवाड़ी के पास डुडु ढंगार नाम की जगह पर बुधवार शाम करीब 7 बजे दो गुलदार एक साथ देखे गए।
स्थानीय संजीव रतूड़ी ने बताया कि बुधवार की शाम करीब सात बजे अचानक उनकी गाड़ी के सामने गंगोत्री हाइवे पर भटवाड़ी के पास डुडु ढंगार नाम की जगह पर पहले एक गुलदार आया। उन्होंने गाड़ी रोकी और गाड़ी थोड़ा पीछे की तो देखा कि एक और गुलदार उसके साथ है जिनकी तस्वीर और वीडियो हमने अपने फोन में कैद किया। गुलदार को लेकर भटवाड़ी क्षेत्र में भी ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।



