चंडीगढ़। चंडीगढ़ के महापौर पद के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार मनोज सोनकर ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार को हराकर जीत हासिल कर ली है। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद हो रहे चुनाव, विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के सदस्य कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के एक साथ चुनाव लड़ने के कारण महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी ने महापौर पद के लिए प्रत्याशी खड़ा किया था। चुनाव में भाजपा के मेयर उम्मीदवार मनोज सोनकर ने 16 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मेयर प्रत्याशी कुलदीप सिंह को 12 वोट मिले। विपक्ष के 8 वोट इनवैलिड घोषित किए गए। इस चुनाव में बीजेपी की आईएनडीआईए से सीधी टक्कर थी। आम आदमी पार्टी ने कहा था कि इस पहली सीधी टक्कर में बीजेपी को हरा कर 2024 लोक सभा चुनाव के लिए बड़ा संदेश देंगे। चुनाव अधिकारी ने कई मत अवैध घोषित किए। इसके बाद बीजेपी का उम्मीदवार मेयर का चुनाव जीत गया। हार के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने धांधली का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने कहा, “चंडीगढ़ मेयर चुनाव में दिन दहाड़े जिस तरह से बेईमानी की गई है, वो बेहद चिंताजनक है। यदि एक मेयर चुनाव में ये लोग इतना गिर सकते हैं तो देश के चुनाव में तो ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये बेहद चिंताजनक है।”