Home News Posts जगन्नाथ यात्रा का रथ हाईटेंशन तार की चपेट में आने से सात...

जगन्नाथ यात्रा का रथ हाईटेंशन तार की चपेट में आने से सात लोगों की मौत

0
664


नई दिल्ली। त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में बुधवार शाम जगन्नाथ यात्रा का रथ हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। इस हादसे में दो बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। पुलिस ने मौके पर फौरन एंबुलेंस बुलाया और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों ने घायलों की सेहत के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अभी कई लोगों की स्थिति नाजुक बनी हुई है, ऐसे में मृतकों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा तब हुआ जब इस्कॉन मंदिर की ओर से निकाली जा रही ‘उल्टा रथ यात्रा’ कुमार घाट इलाके पहुंची। हादसा शाम 4:30 बजे के करीब हुआ है। इससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी श्रद्धालु लोहे से बने रथ को खींच रहे थे, तभी रथ 133 केवी ओवरहेड केबल के संपर्क में आ गया और इतना बड़ा हादसा हो गया। इसके साथ ही पुलिस ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रथ बिजली के तार के संपर्क में आखिर कैसे आ गया। दरअसल, ‘उल्टा रथ यात्रा’ उत्सव, रथ यात्रा के एक सप्ताह बाद होने वाले, देवताओं, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ की उनके पवित्र निवास में वापसी के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
इस घटना को लेकर त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में कई तीर्थयात्रियों की जान चली गई है, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। सीएम ने आगे कहा कि मैं इस घटना से दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल वक्त में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। वहीं, ऊर्जा मंत्री रतन लाल नाथ ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मैंने स्थानीय विधायक भगवान दास और त्रिपुरा राज्य विद्युत निगम के डीजीएम से घटना को लेकर बात की है। अधिकारियों को जल्द जांच रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here