नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को नगरोटा से दोमेल चौक के लिए रवाना हुई। आज यात्रा का 130वां दिन है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी सुरक्षा घेरा तोड़कर सेना के जवानों से मिलने पहुंचे गए। यात्रा नगरोटा के पुराने रूट से आगे बढ़ी। इसमें झज्जर कोटली तक यात्रा का जाना प्रस्तावित है।कांग्रेस के शेड्यूल के तहत 25 जनवरी की सुबह 8 बजे यात्रा मैत्रा रामबन से शुरू होकर खोबाग में रुकेगी और दोपहर 2 बजे हरपुरा बनिहाल के लिए रवाना होगी।
भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को जम्मू और कश्मीर की राजधानी श्रीनगर पहुंचकर संपन्न होगी। भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर कांग्रेस पार्टी देशव्यापी आयोजन की तैयारी में है। कांग्रेस सांसद और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल का कहना है कि भारत जोड़ो यात्रा के समापन अवसर पर राहुल गांधी 30 जनवरी को सुबह 10 बजे श्रीनगर स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर तिरंगा फहराएंगे। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि पार्टी अध्यक्ष की ओर से व्यक्त भावनाओं का अनुसरण करते हुए कांग्रेस की सभी प्रदेश समिति, जिला समिति, ब्लॉक कमेटी भी 30 जनवरी को राष्ट्रीय ध्वज फहराएं।
इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ बॉलीवुड अभिनेत्री व नेता उर्मिला मातोंडकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। यात्रा में जुड़ने से पहले उर्मिला मातोंडकर ने एक वीडियो शेयर कर कहा कि वह सामाजिक मूल्यों पर चलने वाले इस कारवां में शामिल हो रही हैं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति, एक पार्टी और चंद लोगों के बहुत बड़े जज्बे से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई है। इस जज्बे से नहीं इस यात्रा को सफल बनाया है और इस जज्बे का नाम है भारतीयता। यह भारतीयता का दीया सबके मन में ऐसे ही जलते रहने चाहिए।