May 3, 2024अमेठी में स्मृति ईरानी के सामने केएल शर्मा फिलहाल प्रियंका चुनाव मैदान में नहीं उतरेगी अमेठी/रायबरेली। उत्तर प्रदेश की अमेठी और रायबरेली की जिन दो लोकसभा सीटों को कांग्रेस और नेहरू परिवार की पैतृक सीटों में शुमार किया जाता है उन दोनों ही सीटों पर कांग्रेस ने अंतिम समय तक प्रत्याशियों के नामों की घोषणा न करके जो सस्पेंस बनाया हुआ था वह आज सुबह समाप्त हो गया। कांग्रेस ने अमेठी की सीट से गांधी परिवार के अति निकटतम और भरोसेमंद किशोरी लाल शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है वहीं राहुल गांधी को रायबरेली से प्रत्याशी घोषित किया गया है। कांग्रेस द्वारा अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा के तुरंत बाद पूरे परिवार और लाव—लश्कर के साथ रायबरेली और अमेठी का रुख किया गया जहां दोनों ही प्रत्याशियों द्वारा अपने—अपने नामांकन पत्र भरे गए। आज नामांकन का अंतिम दिन था। इसके साथ ही कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को चुनाव मैदान में न उतार कर सभी को चौका दिया है।लंबे समय से यह चर्चा आम थी कि राहुल गांधी एक बार फिर अमेठी से स्मृति ईरानी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगे। अमेठी की जनता और कार्यकर्ता भी इसके लिए लगातार दबाव बना रहे थे वहीं प्रियंका गांधी को रायबरेली से चुनाव मैदान में उतारने के कयास लगाए जा रही थे, लेकिन इसके उलट फैसला लेते हुए कांग्रेस ने राहुल गांधी को रायबरेली और केएल शर्मा को अमेठी से चुनाव मैदान में उतारा है। अमेठी और रायबरेली की इन दोनों सीटों पर लंबे समय तक गांधी परिवार का कब्जा रहा है। फिरोज गांधी से लेकर इंदिरा गांधी और संजय गांधी तथा राजीव गांधी के बाद सोनिया गांधी और राहुल गांधी चुनाव लड़ते रहे हैं। 2019 के चुनाव में अमेठी से राहुल गांधी के चुनाव हारने के बाद 2024 में उनके वायनाड (केरल) के साथ एक बार फिर अमेठी से चुनाव लड़ने की संभावना थी।उधर भाजपा जिसने अपनी पहली सूची में अमेठी से स्मृति ईरानी को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था रायबरेली सीट पर प्रत्याशी की घोषणा करने के लिए कल तक इंतजार किया गया लेकिन जब कांग्रेस ने अपने पत्ते नहीं खोले तो दिनेश प्रताप सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। जहां रायबरेली सीट से कांग्रेस को आसान जीत मिलने की बात कही जा रही है वहीं अमेठी सीट पर भी स्मृति ईरानी और केएल शर्मा के बीच कड़े मुकाबले की संभावना जताई जा रही है। केएल शर्मा विगत 30 सालों से कांग्रेस और गांधी परिवार के साथ है तथा इस परिवार के चुनाव की कमान संभालते रहे हैं उन्हें कोई हल्के प्रत्याशी के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। उनके नामांकन से पूर्व प्रियंका आज खुद अमेठी पहुंची और शर्मा को पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ाने का उन्होंने ऐलान किया। कांग्रेस ने प्रियंका के स्टार प्रचारक होने के कारण उन्हें चुनाव मैदान में नहीं उतारने की बात कही गयी है लेकिन चर्चा है अगर राहुल गांधी दोनों सीटों से चुनाव जीत जाते हैं तो वह सीट छोड़ने की स्थिति में प्रियंका को रायबरेली से चुनाव में उतार सकते हैं।
May 3, 2024पिथौरागढ़। नाबालिग का शारीरिक शोषण करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।जानकारी के अनुसार बीते कुछ दिनों पूर्व धारचुला क्षेत्रान्तर्गत एक व्यक्ति ने कोतवाली धारचुला में तहरीर देकर बताया गया था कि उनकी नाबालिक पुत्री घर से कहीं चली गयी है, जिसका कुछ पता नही चल पा रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस नेे तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू कर दी गयी।इस दौरान पुलिस टीम द्वारा उक्त गुमशुदा को विगत कुछ दिन पूर्व बरामद कर लिया गया था। उक्त बालिका के बयानों के आधार पर प्रकाश में आया कि मनोज रावत पुत्र सुरेन्द्र रावत निवासी बलुवाकोट, पिथौरागढ़, उक्त नाबालिक बालिका को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया तथा उसने उसका शारीरिक शोषण किया था। पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़ परवेज अली के पर्यवेक्षण में बीते रोज उ.नि. मेघा शर्मा (विवेचक) के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा उक्त आरोपी को सिल्थाम के पास से गिरफ्तार किया गया। जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
May 3, 2024पिस्टल—तमंचे और कारतूस बरामद हरिद्वार। अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो सप्लायरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से दो पिस्टल, तीन तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गये हैं।थानाध्यक्ष दिलवर सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए बताया की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना क्षेत्र में कलियर पुलिस और सीआईयू रुड़की की सयुक्त टीम क्षेत्र में अवैध असलाह,हथियार की सप्लाई करने वालों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इस दौरान संयुक्त टीम को सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ अवैध हथियार तस्कर हथियारों की डिलीवरी हेतू आने वाले है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए संयुक्त टीम द्वारा बताये गये स्थान की घेराबंदी कर दो युवकों को गुजर डेरा धनौरी नहर पटरी लोहे के पुल के किनारे के पास गिरफ्तार कर लिया गया। जिनके पास से दो पिस्टल व तीन तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किये गये है। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपने नाम साहिल पुत्र मुर्सलीन और आसिफ पुत्र मकसूद निवासी रामपुर बताया है। बताया कि वह लंबे समय से अवैध असलहों की सप्लाई कर रहे है। पुलिस पूछताछ में अन्य नाम भी उन्होंने बताए हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आये नामो के बारे में जानकारी जुटा रही है। थानाध्यक्ष दिलवर सिंह नेगी ने बताया कि आसिफ और साहिल निवासी रामपुर को अवैध हथियारों की तस्करी करने में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
May 3, 2024मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) की उपनेता सुषमा अंधारे को लेने के लिए उड़ान भर रहा एक निजी हेलीकॉप्टर शुक्रवार 3 मई को लैंडिंग के बाद अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना का वीडियो सोशल पर शेयर किया है जिसमें हेलिकॉप्टर को एक अज्ञात स्थान पर लैंडिंग का प्रयास करते हुए देखा गया था और अचानक वह घूमता हुआ, लड़खड़ाता हुआ, संतुलन खो दिया और फिर एक खुले मैदान पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर का पायलट किस्मत से हेलिकॉप्टर से कूदने में कामयाब रहा और बच गया, लेकिन रायगढ़ के महाड शहर में हुई दुर्घटना में सफेद और नीले रंग का रोटरी-विंगर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि पायलट को चोट आई है। जब पायलट ने अस्थायी हेलीपैड पर उतरने की कोशिश की तो हेलीकॉप्टर झुक गया। पुलिस और बचाव दल घटना की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची है। इसके बाद सुषमा अंधारे को जिले के विभिन्न हिस्सों में अपनी निर्धारित चुनावी बैठकों के लिए एक कार से जाना पड़ा। रायगढ़ लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा।
May 3, 2024नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के बीच भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के लिए बुरी खबर सामने आई है। नेशनल सेक्रेटरी अतुल कुमार अंजान का शुक्रवार (3 मई) सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। जानकारी के मुताबिक, अतुल कुमार करीब एक महीने से लखनऊ के मेयो अस्पताल में भर्ती थे। यहां डॉक्टरों की एक टीम इनका इलाज कर रही थी। अतुल कुमार अंजान ने लखनऊ यूनिवर्सिटी छात्रसंघ के अध्यक्ष के रूप में 1977 से अपने राजनीति की शुरुआत की थी। अतुल कुमार अंजान की गिनती सीपीआई के बड़े नेताओं में होती थी। वह टीवी डिबेट में और कई दूसरे राजनीतिक कार्यक्रमों में लगातार पार्टी का प्रतिनिधित्व करते थे। अपनी राजनीति का लोहा इन्होंने कॉलेज के दिनों से ही मनवा लिया था। छात्र राजनीति में इनके कद का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि अतुल कुमार अंजान 20 साल की उम्र में नेशनल कॉलेज स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष बन गए थे। अतुल कुमार लगातार चार बार लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गए। यूनिवर्सिटी के समय से ही वह लेफ्ट की विचारधारा पर चलते थे। राष्ट्रीय राजनीति में बेशक पूरा देश उन्हें न जानता हो, लेकिन वामपंथी राजनीति की समझ रखने वाले अतुल कुमार का कद अच्छे से जानते हैं। अतुल कुमार ने अपने शुरुआती दिनों में हमेशा युवाओं और आम लोगों की आवाज उठाई। वह उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध पुलिस-पीएसी विद्रोह के प्रमुख नेताओं में से एक थे। इस आंदोलन की वजह से वह चार साल नौ महीने जेल में भी रहे। अतुल कुमार अंजान के पिता डॉ। ए।पी। सिंह ने देश की आजादी में अपना योगदान दिया था। वह एक स्वतंत्रता सेनानी थे। जानकारी के मुताबिक, इनके पिता हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन से जुड़े रहे थे। उन्होंने इसकी कई गतिविधियों में अपना योगदान दिया था।
May 3, 2024लंबे समय से चल रहे थे बीमार, सीएम धामी ने जताया शोक देहरादून। पूर्व विधायक व उत्तराखण्ड वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का आज प्रातः दून हॉस्पिटल देहरादून में स्वर्गवास हो गया है। गहतोड़ी लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। सीएम धामी व भाजपा नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है। नेता प्रतिपक्ष आर्य ने गहतोड़ी के निधन पर शोक प्रकट किया है।उत्तराखंड की चंपावत सीट पर सीएम धामी के लिए विधायकी छोड़ने वाले पूर्व विधायक व उत्तराखण्ड वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का आज प्रातः दून हॉस्पिटल देहरादून में निधन हो गया है। दिवंगत कैलाश गहतोड़ी पिछले काफी समय से कैंसर की बीमारी से ग्रस्त थे जिसका लगातार इलाज चल रहा था। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काशीपुर दौरे पर पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी के आवास पर पहुंचे थे। जिसके बाद उनको एयरलिफ्ट कर देहरादून ले जाया गया था। जहां मैक्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इन दिनों कैलाश गहतोडी देहरादून यमुना कालोनी स्थित अपने सरकारी आवास में थे जहां आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। कैलाश गहतोडी मूल रूप से चंपावत के निवासी थे। इन दिनों उन्होंने काशीपुर में ही अपना आवास बना लिया था। काशीपुर में वह गिरीताल रोड पर अपने बंगले में रह रहे थे। कैलाश गहतोडी के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। कैलाश गहतोड़ी के निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि वन विकास निगम के अध्यक्ष, पूर्व विधायक, प्रिय मित्र और बड़े भाई श्री कैलाश गहतोड़ी जी के निधन का पीड़ादायक समाचार सुन स्तब्ध हूँ। कैलाश जी का जाना संगठन, प्रदेश के साथ—साथ मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। इस असीम कष्ट को शब्दों में बयान नहीं कर पा रहा हूँ। आपने अपना पूरा जीवन जनसेवा में खपा दिया, आप एक आदर्श जनप्रतिनिधि के रूप में सदैव याद किए जाएँगे। एक विधायक के रूप में चम्पावत क्षेत्र के विकास के प्रति आपका समर्पण हमारे लिए प्रेरणास्रोत है। राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में आपसे मिला सानिध्य इतना आत्मीय और हृदय के निकट था कि आज विश्वास करना अत्यंत कठिन है कि आप हमारे बीच नहीं हैं। एक अच्छे मित्र और बड़े भाई के रूप में आप सदैव याद आएंगे।