नई दिल्ली। अमेरिका में हैलोवीन वीकेंड के दौरान जश्न के बीच कई शहरों में गोलीबारी की घटनाओं ने दहशत फैला दी। नाइटलाइफ और भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुई इन घटनाओं में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। डलास, बर्मिंघम, नेवार्क, ब्लूमिंगटन और फेयेटविले में फायरिंग की घटनाएं सामने आई हैं। डलास में सबसे ज्यादा हिंसा हुई। पुलिस के मुताबिक, शहर के डीप एलम इलाके में शनिवार रात गोलीबारी की तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। डीप एलम संगीत, रेस्तरां और नाइटलाइफ के लिए जाना जाता है।
डलास पुलिस प्रमुख डैनियल कोमोक्स ने बताया कि जांच की जा रही है कि शनिवार रात हुई तीनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे इन घटनाओं से किस तरह जुड़े हैं।
अलबामा के बर्मिंघम में शनिवार रात मैजिक सिटी क्लासिक फुटबॉल मैच के बाद लीजन फील्ड स्टेडियम के बाहर गोलीबारी हुई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। बर्मिंघम पुलिस विभाग के प्रमुख माइकल पिकेट के अनुसार, मैच खत्म होने के बाद अधिकांश दर्शक और परिवार स्टेडियम से जा चुके थे।
डेलावेयर राज्य के नेवार्क शहर में शनिवार को यूनिवर्सिटी ऑफ डेलावेयर कैंपस के पास गोलीबारी हुई। इसमें छह लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फायरिंग के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए। घटना के बाद पुलिस ने मेन स्ट्रीट के एक हिस्से को कई घंटों तक बंद रखा।
इलिनोइस के ब्लूमिंगटन में रविवार सुबह हुई गोलीबारी में 19 साल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। इस घटना में छह और लोग भी घायल हुए हैं, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें नहीं आई हैं। पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन छह लोगों को चोटें किन परिस्थितियों में आईं।
अर्कांसस के फेयेटविले में रविवार सुबह गोलीबारी की घटना में छह लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोलीबारी से पहले वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।





