July 8, 2026देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में नीति आयोग के सदस्य प्रो. (डॉ.) एम. श्रीनिवास के नेतृत्व में नीति आयोग की टीम ने भेंट की। इस अवसर पर उत्तराखण्ड के समग्र एवं सतत विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों, जनसांख्यिकीय चुनौतियों तथा विकास की संभावनाओं के अनुरूप प्रभावी एवं दूरदर्शी नीति निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के विकास में नीति आयोग का सदैव सकारात्मक सहयोग प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी राज्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नीति आयोग का मार्गदर्शन एवं सहयोग मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय, तीर्थाटन, पर्यटन प्रधान राज्य के लिए नीति निर्माण में केवल स्थायी आबादी ही नहीं, बल्कि राज्य की फ्लोटिंग पॉपुलेशन को भी विशेष महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्थायी आबादी की तुलना में प्रतिवर्ष लगभग सात से आठ गुना अधिक लोग उत्तराखण्ड आते हैं, जिससे स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, परिवहन तथा अन्य बुनियादी सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसलिए योजनाओं के निर्माण एवं संसाधनों के आवंटन में इस तथ्य का समुचित समावेश आवश्यक है।मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ जनजागरूकता और स्वास्थ्य शिक्षा को भी समान प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्रभावी रूप से मिल सके।मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास को राज्य की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि इस दिशा में निरंतर और परिणामोन्मुख प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने बच्चों को कुपोषण से मुक्त बनाने तथा महिलाओं में एनीमिया की समस्या के प्रभावी समाधान के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में कृषि, बागवानी, पर्यटन, जल संसाधन, जैव विविधता, कौशल विकास तथा अन्य संभावनाओं वाले क्षेत्रों में विषय विशेषज्ञों के साथ नीति आयोग के सहयोग से नियमित सेमिनार एवं विचार-विमर्श आयोजित किए जाएं। इससे राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवहारिक एवं नवाचार आधारित नीतियां तैयार करने में सहायता मिलेगी।उन्होंने जल संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए प्रभावी एवं दीर्घकालिक योजनाओं पर विशेष रूप से कार्य किया जाना चाहिए। साथ ही, प्रदेश के लोगों की आजीविका के संसाधनों में वृद्धि, स्थानीय रोजगार सृजन तथा सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए बेहतर नीति निर्धारण एवं समन्वित प्रयास सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार और नीति आयोग के बीच समन्वित प्रयासों से उत्तराखण्ड के सर्वांगीण एवं संतुलित विकास को नई गति मिलेगी।इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, अपर सचिव नरेन्द्र भण्डारी, डॉ. संदीप तिवारी, एसीईओ सेतु मनोज पंत, सलाहकार एवं कार्यक्रम निदेशक नीति आयोग डॉ. सोनिया पंत, उप सचिव नीति आयोग दीपक कुमार विशेष कार्याधिकारी नीति आयोग डॉ. शोभित कुमार मौजूद थे।
July 8, 2026देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय स्थित अपने सभागार में उत्तराखण्ड दौरे पर आए नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास एवं उनकी टीम का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक के दौरान राज्य की ओर से प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने राज्य की प्रगति एवं सलाहकार एवं कार्यक्रम निदेशक नीति आयोग डॉ. सोनिया पंत ने प्रदेश की मुख्य उपलब्धियों और आर्थिक रूपरेखा पर प्रस्तुतिकरण दिया।मुख्य सचिव ने सदस्य नीति आयोग एवं उनकी टीम का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड ने राज्य गठन के बाद आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, पर्यटन और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड कई संकेतकों पर अग्रणी राज्यों में से एक के रूप में उभरा है। राज्य ने सतत् विकास लक्ष्य इंडेक्स 2023-24 में शीर्ष रैंक हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस को सरल बनाने एवं नागरिक-अनुकूल नियामक प्रक्रियाओं के ज़रिए जीवन-यापन को आसान बनाने की दिशा में कार्य हुआ है।मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य में दूर-दराज के क्षेत्रों में किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना एक चुनौती बनी हुई है। महिलाओं और बच्चों में कुपोषण को दूर करने एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाने में नीति आयोग से लगातार और असरदार तकनीकी सहयोग की आवश्यकता है। हिमालयी क्षेत्र में स्वास्थ्य से जुड़ी क्षेत्रीय समस्याओं, क्लिनिकल बेस्ट प्रैक्टिस, क्षमता निर्माण, टेलीमेडिसिन और आपातकालीन देखभाल पर स्वास्थ्य अनुसंधान के लिए एम्स और ऐसे ही अन्य सेंटर्स ऑफ़ एक्सीलेंस को नॉलेज पार्टनर के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।सदस्य नीति आयोग डॉ. एम. श्रीनिवास ने कहा कि उत्तराखण्ड विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से जुड़े आउटकम इंडीकेटर्स और एसडीजी लक्ष्यों पर और अधिक कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उत्तराखण्ड की स्थिति मातृ मृत्यु दर, नवजात मृत्यु दर आदि में राष्ट्रीय औसत से बेहतर है, परन्तु इनमें और सुधार की आवश्यकता है। इसके साथ ही इंस्टीट्यूशनल डिलीवरी और टीबी ट्रीटमेंट की दिशा में प्रयास बढ़ाए जाने पर जोर देते हुए उन्होंने प्रदेश में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत किए जाने की बात कही। कहा कि आपातकालीन और ट्रॉमा देखभाल सेवाओं को मज़बूत बनाया जाए। इसके साथ ही आयुष को मजबूत करते हुए, आयुष ईकोसिस्टम विकसित किए जाने की बात कही।इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, उप सचिव नीति आयोग दीपक कुमार एवं ओएसडी नीति आयोग डॉ. शोभित कुमार सहित शासन से अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
July 8, 2026देहरादून। कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने कहा कि बद्रीनाथ धाम चढावा चोरी के मामले की हाईकोर्ट के तीन सिटिंग जजों की समिति बनाकर जांच करायी जाये।आज यहां बद्रीनाथ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने राजधानी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में वर्तमान राज्य सरकार और बद्री—केदार मंदिर समिति के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान और चढ़ावे में हुई कथित हेराफेरी के मामले में तत्काल प्रभाव से उच्च न्यायालय के तीन सिटिंग जजों की विशेष समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बात रखते हुए विधायक बुटोला अत्यंत भावुक हो गए। उन्होंने अत्यंत व्यथित मन से कहा कि वह उस पवित्र और पावन भूमि का प्रतिनिधित्व करता हैं जहाँ साक्षात भगवान विष्णु का बैकुंठ धाम है, जहाँ गुरुओं की तपोभूमि श्री हेमकुंड साहिब स्थित है। आज हमारे इन पावन देवस्थानों और पवित्र मंदिरों में चढ़ावे की चोरी हो रही है। इस कुकृत्य से उनका मन गहरे दुःख और पीड़ा से भरा है, और आज देश—विदेश के करोड़ों सनातनियों का मन भी पूरी तरह व्यथित है। इसके साथ ही वर्तमान जांच प्रणाली और सरकार के रवैये पर कड़ा तंज कसते हुए उन्होंने शेर भी पढ़ाःट्टचोर भी तुम्हारा है सरकार का साया भी तुम्हारा है , तुम चोर को ईमानदार बता दो जाँच अधिकारी भी तुम्हारा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक बुटोला ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए सिटिंग जजों से जांच की मांग की है। उन्होने कहा कि सरकार की किसी भी विभागीय या स्थानीय जांच पर हमें भरोसा नहीं है। इस महाघोटाले का सच सामने लाने के लिए हाई कोर्ट के तीन सिटिंग जजों की कमेटी से ही समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए। बद्रीनाथ धाम में कथित दान चोरी का मामला केवल वित्तीय भ्रष्टाचार नहीं है, बल्कि देश—विदेश के करोड़ों सनातनियों की धार्मिक आस्था पर गहरा प्रहार है। सत्ता पक्ष में असंतोष का दावा भी किया उन्होंने कहा की सत्ता पक्ष के विधायकों की अपनी ही सरकार में सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार विकास के बड़े—बड़े दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर स्थानीय जनता बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए आज भी तरस रही है। उन्होंने कहा की एक छोटे से कर्मचारी को बलि का बकरा बनाकर सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती है, बीकेटीसी के सदस्य सरकार चुनती है तो वहाँ धोखाधड़ी में भी सरकार की जिम्मेदारी है, जिस प्रकार राम मंदिर चढ़ावा मामले में पीएमओ अपनी जवाब देही से नहीं बच सकता क्यूँकि ट्रस्ट में नियुक्ति केंद्र सरकार की तरफ से हुई थी। चोर को हटा कर डकैतों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, चमोली के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह और विजेंद्र रावत उपस्थित रहे।
July 8, 2026हरिद्वार। बाइक चोरी मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से चुरायी गयी तीन बाइक बरामद की गयी है। गिरफ्तार आरोपी के साथी को पुलिस पूर्व मे ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।जानकारी के अनुसार बीते दो दिन पूर्व अज्ञात व्यक्ति ने नवोदय नगर सिडकुल निवासी मनोज चौधरी की मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। बीते रोज सुजीत कुमार राय की मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेंडर फैक्ट्री के बाहर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई। इस मामले में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी।दोपहिया वाहन चोरी की इन घटनाओं के खुलासे के लिए गठित की गई पुलिस टीम ने विभिन्न स्तर पर प्रयास करते हुए बीती शाम सिडकुल टैप इंडिया कंपनी के तिराहे पर चैकिंग की गई। इस दौरान तेज रफ्तार में राजा बिस्कुट चौक की ओर से आ रहा एक बाइक सवार व्यक्ति पुलिस की चैकिंग देख मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भगाने का प्रयास करने लगा लेकिन टायर फिसलने के कारण वहीं गिर गया। टीम ने तुरंत संदिग्ध को दबोच लिया। चैक करने पर सामने आया कि संदिग्ध द्वारा चलाई जा रहे मोटरसाइकिल की चोरी के संबंध में थाना सिड़कुल पर मुकदमा अपराध संख्या 277/ 2026 दर्ज है। सख्ती से पूछताछ में संदिग्ध ने बताया कि यह मोटरसाइकिल उसने अपने साथी सहवाज के साथ मिलकर कुछ दिन पहले शिवालिक गंगा विहार कॉलोनी नवोदय नगर से चुरायी थी। सहवाज को बीती 4 जुलाई को थाना सिडकुल पर पूर्व में दर्ज मुकदमे में जेल भेजा जा चुका है।पूछताछ के आधार पर पुलिस ने झाड़ी में छिपायी गई दो अन्य मोटरसाइकिल बरामद की जिनमें से एक मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस थाना सिड़कुल पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 275/ 26 से संबंधित व दूसरी मोटरसाइकिल शिवलोक कॉलोनी रानीपुर से चुराई गई है जिसमें कोतवाली रानीपुर मुकदमा पर 240/ 2026 पंजीकृत है।
July 8, 2026नई दिल्ली। जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन में 11 दिन से अनशन पर बैठे शिक्षाविद और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की हालत बुधवार को और बिगड़ गई। डॉक्टरों ने बताया कि उनका वज़न सात किलोग्राम से ज़्यादा कम हो गया है। सीजेपी का प्रदर्शन 19 दिन से जारी है। इसमें कथित परीक्षा अनियमितताओं पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सरकार की जवाबदेही की मांग की जा रही है।बुधवार सुबह जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, वांगचुक का वजन घटकर 59।40 किलोग्राम हो गया है, जिससे भूख हड़ताल शुरू होने के बाद से उनके वजन में कुल सात किलोग्राम से ज्यादा की कमी आई है। बैठने की स्थिति में उनका रक्तचाप (बीपी) 103/68 और लेटे हुए 111/73 दर्ज किया गया। उनकी दिल के धड़कने की दर 74 प्रति मिनट, रक्त शर्करा स्तर 75 और ऑक्सीजन सैचुरेशन 98 प्रतिशत दर्ज किया गया। बुलेटिन में कहा गया है कि उनके शरीर में पानी का स्तर ठीक था और वह मानसिक रूप से सतर्क हैं।सीजेपी प्रधान के इस्तीफ़े की मांग कर रही है और आरोप लगा रही है कि बार-बार होने वाली परीक्षा अनियमितताओं और पेपर लीक ने छात्रों और उनके परिवारों की जिंदगी बर्बाद कर दी है।सीजेपी ने उसके मूल ‘एक्स’ हैंडल पर लगी रोक को हटाने के दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले का मंगलवार को स्वागत किया। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इसे आंदोलन के लिए बड़ी जीत बताया।
July 8, 2026कुंभ—2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का दोहराया संकल्प हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेमनगर आश्रम हरिद्वार में आयोजित मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हरिद्वार की पावन धरा पर उन्हें अद्वितीय आध्यात्मिक सुख और आनंद की अनुभूति हो रही है। उन्होंने मोरारी बापू का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उत्तराखंड आगमन देवभूमि के लिए ईश्वर की विशेष कृपा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरारी बापू केवल श्रीराम कथा के वाचक नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, विचारों और जीवन—दर्शन के जीवंत संवाहक हैं, जिन्होंने विश्वभर में भारतीय संस्कृति, सनातन दर्शन और अध्यात्म का संदेश पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब विश्व युद्ध, हिंसा और आतंकवाद जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब भारत की सनातन संस्कृति का ट्टवसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और आध्यात्मिक यात्राओं ने इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में पिछले सभी रिकॉर्ड टूट रहे हैं और दो माह के भीतर ही 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसी प्रकार हेमकुंड साहिब यात्रा में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं, जबकि कैलाश मानसरोवर यात्रा में 5500 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जहाँ पहले पूरे वर्ष में सीमित संख्या में ही यात्रियों को भेजा जाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 जुलाई को कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को रवाना करने का सौभाग्य भी उन्हें प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड में विकसित हो रहे बेहतर बुनियादी ढांचे, सुरक्षित यात्रा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ—2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि कुंभ केवल आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का महापर्व है। कार्यक्रम में परमार निकेतन आश्रम ऋषिकेश के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, राज्य मंत्री सुनील सैनी, देशराज कर्णवाल, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, विक्रम भुल्लर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए राम भक्त मौजूद थे।