Home News Posts उत्तराखंड पुलिस ने किया पुलिस को गिरफ्तार

पुलिस ने किया पुलिस को गिरफ्तार

0
53

आबकारी विभाग के दरोगा व सिपाही सहित चार गिरफ्तार
शिमला में हुई लाखों रूपये की चोरी का है मामला
हमारे संवाददाता
उधमसिंहनगर। शिमला में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में चेकिंग के दौरान बरामद चोरी का माल हड़पने के आरोप में हिमाचल पुलिस ने उत्तराखंड के आबकारी विभाग के दरोगा, कांस्टेबल, एक उपनल कर्मी और पीआरडी जवान को गिरफ्तार किया है। मामले में आबकारी आयुक्त ने दरोगा और कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है, जबकि उपनल कर्मी और पीआरडी जवान की सेवा समाप्ति की संस्तुति भेजी गई है।
जानकारी के अनुसार शिमला में हुई चोरी के मामले में सोने—हीरे के गहने, अंगूठियां, चांदी के सिक्के, करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और 12 कलाई घड़ियां सहित लाखों रुपये का सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। चोरी के आरोप नेपाल मूल की एक महिला और उसके तीन साथियों पर थे। चोरी के बाद आरोपी सामान लेकर नेपाल जाने की कोशिश कर रहे थे। बीती आठ सितंबर की सुबह रुद्रपुर में बॉर्डर पर आबकारी विभाग के कर्मचारी चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान टैक्सी बुक कर नेपाल जा रहे आरोपियों के वाहन को टीम ने चेकिंग के लिए रोका। तलाशी के दौरान एक युवक और युवती के पास से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात बरामद हुए। आरोप है कि आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने बरामद लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान अपने कब्जे में रख लिया और आरोपियों को छोड़ दिया। मामले की जांच करते हुए हिमाचल पुलिस रुद्रपुर पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से सीसी फुटेज खंगाली गई। सीसी कैमरों की जांच के दौरान आबकारी विभाग के दरोगा देवेंद्र कुमार, कांस्टेबल बलजीत सिंह, उपनल कर्मी पप्पू लाल और पीआरडी जवान नईम की पहचान हुई। इसके बाद हिमाचल पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में आबकारी आयुक्त ने दरोगा देवेंद्र कुमार और कांस्टेबल बलजीत सिंह को निलंबित कर दिया है। वहीं उपनल कर्मी और पीआरडी जवान की सेवा समाप्ति की संस्तुति भेजी गई है। हिमाचल पुलिस ने चोरी के आरोपियों के नेपाल जाने के बाद शिमला में चोरी किए गए माल को रुद्रपुर में पुलिस के कब्जे में लेने की बात कही थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि चेकिंग में पुलिस नहीं, बल्कि आबकारी विभाग के कर्मचारी शामिल थे। तलाशी के दौरान युवक और युवती के पास से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात बरामद हुए थे। आरोप है कि आबकारी कर्मचारियों ने बरामद जेवरात और अन्य सामान अपने पास रख लिया और आरोपियों को छोड़ दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here