आप की आध्यात्मिक राजधानी पर राजनीतिक हंगामा

0
599

दिल्ली को आध्यात्मिक राजधानी क्यों नहीं बनाया
कांग्रेसी नेता बोले आप भाजपा की बी टीम

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में आप की दस्तक से सूबे की सियासत का पारा चढ़ा हुआ है। अरविंद केजरीवाल एक बार फिर दून दौरे के दौरान देवभूमि को देश—दुनिया के हिंदुओं के लिए अध्यात्म की राजधानी बनाने की बात क्या कह गए सूबे की राजनीति में ऐसी हलचल पैदा कर गये कि उनके जाने के बाद भी भाजपा और काग्रेस के नेताओं की प्रतिक्रियायें आने का सिलसिला थम नहीं रहा है।
सियासत में शब्दों के खेल को समझना थोड़ा मुश्किल होता है। बात सिर्फ आध्यात्मिक राजधानी की होती तो शायद इतना बवाल खड़ा नहीं होता किंतु देश के हिंदुओं की आध्यात्मिक राजधानी की बात कहकर केजरीवाल ने भाजपा से जैसे हिंदुत्व का मुद्दा ही छीन लेने का प्रयास किया है। भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाओं से तो यही लगता है। जैसे केजरीवाल ने ऐसा कहकर भाजपा के हिंदुत्व व हिंदू मतों के एकाधिकार को कोई चुनौती दे डाली है। काबीना मंत्री यशपाल आर्य से लेकर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक तक उन्हें नसीहत दे रहे हैं कि अरविंद दिल्ली को आध्यात्मिक राजधानी क्यों नहीं बना लेते।
उधर अरविंद केजरीवाल के आध्यात्मिक राजधानी के मुद्दे पर कांग्रेसी नेताओं ने उन पर जमकर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से लेकर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तक कोई उन्हें बरसाती मेंढक बता रहा है तो कोई उनके चुनाव लड़ने को लेकर आप को भाजपा की बी टीम बता रहा है। कोई कह रहा है कि केजरीवाल पहले खुद आध्यात्मिक बन जाए उत्तराखंड को वह क्या आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे। कोई कह रहा है कि केजरीवाल को देवभूमि के अध्यात्म और आस्था के बारे में ज्ञान ही क्या है? खैर उनकी घोषणा को लेकर जो प्रतिक्रियाएं आ रही है वह यह बताने के लिए काफी है कि आप और केजरीवाल को लेकर इन दलों व नेताओं में बेकली जरूर है इससे पूर्व भी जब केजरीवाल दून आए थे तो फ्री बिजली देने की घोषणा कर गए थे। जिसे लेकर लंबे समय तक चर्चा रही। तथा भाजपा और कांग्रेस की तरफ से 100 व 200 यूनिट फ्री बिजली देने की घोषणा की गई।
चुनाव में आप क्या गुल खिलाती है समय बताएगा लेकिन केजरीवाल अगर चुनाव तक हर माह दून का दौरा करते रहे तो वह भाजपा और कांग्रेस नेताओं की नींद जरूर उड़ा कर रखेंगे यह साफ नजर आ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here