सुलग रही है जनाक्रोश की आग : यमुना वैली के बाजार बंद, प्रदर्शन जारी

0
222

लव जेहाद व लैंड जेहाद कांग्रेस के तुष्टीकरण का नतीजाः भाजपा

क्षेत्रवासी बोले आंदोलन नहीं थमेगा, तनाव के मद्देनजर भारी पुलिस फोर्स तैनात

देहरादून। सूबे में लव जेहाद और लैंड जेहाद की समस्याओं को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ ने कांग्रेस को जिम्मेदार बताते हुए कहा है कि यह कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति का नतीजा है। वहीं आज पुरोला व चकराता में हुई लव जेहाद की घटनाओं के खिलाफ युमना वैली के पूरे बाजार बंद रहे और व्यापारियों सहित क्षेत्रवासियों का प्रदर्शन जारी रहा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने आज मीडिया द्वारा पुरोला और चकराता में सामने आई लव जेहाद की घटनाओं के बारे में पूछे जाने पर कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकार के कार्यकाल में राजनीतिक तुष्टीकरण के लिए बड़ी संख्या में गैर हिंदू समुदाय के लोगों को सरकारी जमीनों पर बसने का मौका दिया जिसका परिणाम अब राज्य के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अब इन अवैध अतिक्रमण को हटा रही है और अवैध तरीके से राज्य में घुसपैठ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उनका कहना है कि राज्य में अब तक जो कुछ भी होता रहा है वह अब आगे चलने वाला नहीं है।
उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व पुरोला में दो मुस्लिम युवकों द्वारा एक स्कूली छात्रा को भगाने के प्रयास का मामला सामने आया था जिसे लेकर यमुना घाटी में भारी जन आक्रोश देखा जा रहा है। इसे लेकर लोगों में इतना गुस्सा और आक्रोश है कि एक सप्ताह से धरने प्रदर्शन और बाजार बंद का क्रम जारी है। बीते कल भी उत्तरकाशी और पुरोला का बाजार बंद रहा था वही आज भी हिंदू जागृति संगठन के आह्वान पर पूरी यमुना घाटी के बाजार बंद हैं। क्षेत्रीय व्यापारियों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं सहित 5 हजार से अधिक लोग इस विरोध प्रदर्शन में एकजुट है। बड़कोट, पुरोला, नौगांव, मोरी और उत्तरकाशी सहित पूरे क्षेत्र में व्याप्त इस तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। लोगों का कहना है कि अपनी पहचान छिपाकर क्षेत्र की भोली भाली महिलाओं और लड़कियों को भगाकर ले जाने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। क्षेत्र के लोग अब पुलिस से सभी बाहरी लोगों का सत्यापन कराने और अवैध रूप से क्षेत्र में रह रहे गैर हिंदू समुदाय के लोगों को बाहर करने की मांग कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब वह इस तरह की घटनाओं को लेकर चुप बैठने वाले नहीं हैं। भले ही उन्हें अपना आंदोलन किसी भी हद तक क्यों न ले जाना पड़े।
उल्लेखनीय है कि पुरोला के बाद चकराता में लव जेहाद की घटना अभी सामने आई थी जिसके बाद भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने इसे एक अंडर कवर षड्यंत्र बताया था और षड्यंत्र के पीछे किसका हाथ है इसका पता लगाने की बात कही है। खुद सीएम धामी लैंड जेहाद व लव जेहाद को जनसांख्यिकीय असंतुलन की वजह बताकर देव भूमि की संस्कृति को खराब करने का इसे षड्यंत्र बता चुके हैं अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इसके लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा कर इसे राजनीतिक बहस का मुद्दा बना दिया है। उधर भाजपा सांसद राजलक्ष्मी शाह ने भी इसे सूबे की बड़ी समस्या बताते हुए इसका इलाज करने की बात कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here