पानी को लेकर विवाद में महिला की चाकू घोंपकर हत्या

0
118


नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के फर्श बाजार इलाके में एक नल से पानी भरने को लेकर हुए विवाद में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने पड़ोसी महिला की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी लड़की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है। पीड़िता 34 वर्षीय महिला थी, जिसके बाएं हाथ में कई चोटें आईं और पेट में चाकू से वार किया गया था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक यह घटना शुक्रवार रात 10 बजकर 59 मिनट की है। पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए इस घटना की सूचना मिली। कॉलर ने पुलिस को बताया ​कि उसकी पत्नी के पेट में चाकू मारा गया है। उसे एम्बुलेंस की जरूरत है। पीसीआर कॉल पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम गली नंबर 2, भीकम सिंह कॉलोनी वाले स्थान पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता सोनी को उसके कमरे में घायल पाया। शाहदरा जिले के डीसीपी सुरेंद्र चौधरी के मुताबिक पीड़िता के बाएं हाथ पर दो-तीन कट के निशान थे। पेट पर एक छोटा घाव था। सोनी को तुरंत हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि सोनी और उसके पति सतबीर का पड़ोसियों से झगड़ा हो गया था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे सोनी का अपने पड़ोसी की पत्नी और बेटी से उनके घर की पहली मंजिल पर लगे नल से पानी को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान सोनी ने लड़की का हाथ मरोड़ दिया, जिससे लड़की को हेडगेवार अस्पताल में इलाज कराना पड़ा। इससे नाराज लड़की ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here