पौड़ी। मवेशियों के लिए घास लेने के लिये गयी महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने हो हल्ला मचाकर मृतक महिला को गुलदार के कब्जे से हटाया और मामले की सूचना क्षेत्रीय विधायक व वन विभाग को दे दी। जिस पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी। वहीं जिले में गुलदार के लगातार हो रहे हमलो से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
मामला पौड़ी गढ़वाल के नैनी डांडा विकास खंड के पटटी बिजलौट के ग्राम सभा बणासी तल्ली का है यहंा एक महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना दिया। बताया जा रहा है कि आज सुबह लगभग 10 बजे गांव की दो महिलाएं शांति देवी और सुशीला देवी घास लेने गांव के ऊपरी हिस्से में गयी थी। इसी बीच गुलदार ने सुशीला देवी पर अचानक हमला कर दिया। हमला इतना त्वरित हुआ कि सुशीला देवी को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं दूसरी महिला शान्ति देवी के हो हल्ला करने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन सुशीला देवी की जान नहीं बचाई जा सकी। मामले की सूचना वन विभाग सहित क्षेत्रीय विधायक को भी दी गयी।
वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने नैनी डांडा में गुलदार द्वारा मारी गई एक महिला की घटना को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है और सरकार पर आरोप लगाया है कि उसने उत्तराखंड के सुदूर पर्वतीय जनपदों के लोगों को हाथी बाघों गुलदारों के हाथों और बस दुर्घटनाओं में मारे जाने के लिए भगवान भरोसे छोड़ दिया है। उन्होंने इस घटना में मारी गई महिला के परिवार को तत्काल मुआवजा दिए जाने और आदमखोर गुलदार को तत्काल धराशाई किये जाने की भी मांग की है।




