मनमाना किराया वसूल रहे हैं वाहन स्वामी
ओवरलोडिंग से बना हुआ है दुर्घटना का खतरा
पौड़ी/उत्तरकाशी। चार धाम यात्रा के शुरू होते ही पहाड़ के लोगों को आवागमन में दिक्कतें आनी शुरू हो गई है। अधिकांश वाहनों के चार धाम यात्रा और शादी विवाहों की बुकिंग में चले जाने के कारण स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
चार धाम यात्रा वाले रूटों पर इन दिनों यात्री वाहनों की भारी कमी हो गई है। इन मार्गों पर चलने वाली अधिकांश टैक्सी और मैक्सी गाड़ियां या तो चार धाम यात्रा में लगी हुई है या फिर इन दिनों चल रहे शादी विवाहों की बुकिंग में चल रही है। जिसके कारण स्थानीय नागरिकों को घर से बाहर आने—जाने में भारी समस्या हो रही है। इस समस्या से पौड़ी, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के लोग ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय यात्रियों को इन दिनों अगर कहीं आना जाना हो तो उन्हें कई—कई घंटे वाहनों का इंतजार करना पड़ता है। किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अगर उन्हें वाहन मिल भी जाए तो फिर उन्हें कई गुना अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है। वाहन चालक यात्रियों की परेशानी का भरपूर फायदा उठा रहे हैं और मजबूर यात्री भी अधिक किराया देने पर विवश हैं। यही नहीं इन वाहन चालकों द्वारा ओवर रेटिंग के साथ ओवरलोडिंग भी की जा रही है जो दुर्घटनाओं की संभावनाओं को बढ़ाता है। क्षमता से अधिक सवारियां भरकर चलने वाले इन वाहनों में लोग अपनी जान हथेली पर रखकर यात्रा करने पर विवश है। कई यात्रियों द्वारा इसकी आरटीओ में शिकायत भी की गई है लेकिन उस पर कोई कार्यवाही नहीं होती है।