Home ताजा ख़बर दिल्ली यूनिवर्सिटी के दो कॉलेजों को मिली बम से उड़ाने की धमकी

दिल्ली यूनिवर्सिटी के दो कॉलेजों को मिली बम से उड़ाने की धमकी

0
245


नयी दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस के रामजस कॉलेज और कालकाजी स्थित देशबंधु कॉलेज को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले हैं, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों संस्थानों ने धमकी भरे ईमेल मिलते ही तुरंत पुलिस को सूचित किया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस स्टेशनों की टीमों को तुरंत दोनों परिसरों में भेजा गया और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। दोनों कैंपस खाली कराए गए, लेकिन अभी तक सर्च ऑपरेशन में कोई संदिग्ध चीज या विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है। कॉलेजों की पूरी बिल्डिंग खाली कराकर एक-एक कोना खंगाला गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आज पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल आया कि यूनिवर्सिटी के 2 कॉलेजों को धमकी भरे ईमेल आए हैं और कॉलेज प्रशासन ने पूरा कॉलेज खाली करा दिया है। पुलिस की टीमें दल-बल के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला। धमकी भरे ईमेल की जांच कर रहे हैं और ईमेल भेजने वाले का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी तक उस सिस्टम का आईपी एड्रेस नहीं मिल पाया है, जिससे ईमेल भेजा गया है।
बता दें कि दिल्ली में नवंबर महीने में भी कई बार बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं। गत 19 नवंबर को संस्कृति स्कूल, ब्रिटिश स्कूल, मॉडर्न स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। 18 नवंबर को 2 सीआरपीएफ स्कूलों और साकेत, पटियाला हाउस समेत 3 कोर्ट कॉम्प्लेक्स को धमकी भरे ईमेल मिले थे। 14 नवंबर को साउथ और नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के 6 स्कूलों को भी धमकी मिली थी। 9 नवंबर को दिल्ली के करीब 44 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, लेकिन सर्च ऑपरेशन में कहीं कुछ नहीं मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here