देहरादून। गंगोत्री हाईवे पर एक टूरिस्ट बस भजनगढ़ रोड के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस की चपेट में आकर हाईवे किनारे खड़े दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बस सवार 13 यात्री जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया।
जानकारी के अनुसार बिहार के यात्री नीलकंठ दर्शन के लिए गए थे। बीती रात लगभग नौ बजे वापसी में दिल्ली लौटते समय भद्रकाली तिराहे से थोड़ा आगे एक मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सड़क किनारे खड़े स्कूटी सवार दो चचेरे भाई बस की चपेट में आ गए। आसपास ठेली—रेहड़ी संचालकों में भी हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस के नीचे दबे युवकों को जख्मी हाल में बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। एसआई राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मृतकों की पहचान 24 वर्षीय शुभम बिष्ट व 32 साल के ऋषभ बिष्ट दोनों निवासी गणेश विहार, ऋषिकेश के रूप में हुई। बहरहाल पुलिस ने उनके शव कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।




