- फेर बदल नहीं हुआ तो भरे जाएंगे मंत्री पद
देहरादून। उत्तराखंड राज्य सरकार के कैबिनेट में कभी भी बड़ा फेरबदल हो सकता है। भले ही होली से पूर्व दिल्ली दौरे से लौटे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह कहकर कि उनका दिल्ली दौरा सामान्य दौरा था कैबिनेट फेरबदल की संभावनाओं पर ब्रेक लगा दिया गया हो लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर यह बड़ा फेरबदल अब होली बीत जाने के बाद कभी भी किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा चुनाव परिणाम के बाद सीएम की शपथ लेने के समय से ही तीन मंत्री पद खाली पड़े हों जबकि सरकार अपने कार्यकाल का आधा समय पूरा कर चुकी है। वही चंदन रामदास के निधन के बाद एक और मंत्री पद खाली हो गया था इन चार पदों को भरने की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन अब तक खाली पड़े इन कैबिनेट मंत्री पदों को नहीं भरा जा सका है। इधर धामी कैबिनेट का हिस्सा रहे कुछ मंत्री अपने बयानों तथा कुछ भ्रष्टाचार के आरोपो के दायरे में आ चुके हैं जिनके मंत्री पद पर बने रहने को लेकर लगातार सवाल उठाये जा रहे हैं उन्हें भी बदले जाने की चर्चाएं आम है। कुल मिलाकर 6 से 7 तक मंत्रियों को इस फेर बदल के कारण कैबिनेट में हिस्सेदारी मिल सकती है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंत्रिमंडल के विस्तार का काम पूरा हो चुका है मंत्रिमंडल में खाली पदों को भरने में कोई अड़चन नहीं है लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही अगर मंत्रिमंडल में फेर बदल भी किया जाना है तो इस पर अभी भी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका है। जिन मंत्रियों को उनके पदों से हटाया जाना है या जिनके भी विभागों में फेर बदल किया जाना है उस पर फैसला न हो पाने के कारण ही इसमें देरी हो रही है। लेकिन सूत्रों का कहना है की होली के बाद अब कभी भी इस पर फैसला लिया जा सकता है और मंत्रिमंडल में फेर बदल हो सकता है। सूत्रों का यह भी कहना है कि अगर फेर बदल नहीं भी हुआ तो मंत्रिमंडल में विस्तार तो तय है और खाली पड़े कैबिनेट पद कभी भी भरे जा सकते हैं।