- चमोली, रुद्रप्रयाग में फिर बर्फबारी
- राज्य में 2 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
देहरादून। बीते एक माह से पहाड़ पर बारिश और बर्फबारी का क्रम जारी है। मौसम विभाग द्वारा एक बार फिर राज्य के ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फ गिरने और मैदानी भागों में बारिश की संभावना जताई गई है। जिससे पहाड़ पर सर्दी का प्रकोप जारी है और चार धाम यात्रा की तैयारियां भी प्रभावित हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य के रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर तथा पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी होने की खबरें हैं। गंगोत्री तथा यमुनोत्री घाटी क्षेत्र में बीती रात से बर्फबारी हो रही है वहीं उत्तरकाशी के हर्षिल और चोपता तथा मुखवा में भी बारिश तथा बर्फबारी होने से तापमान में भारी गिरावट आई है। क्षेत्र में चल रहे चार धाम यात्रा तैयारियों के काम भी ताजा बर्फबारी के कारण प्रभावित हो रहे हैं जिन मार्गाे से बर्फ हटाने का काम किया जा रहा था उन मार्गों पर फिर बर्फ जमा हो गई है। उधर चमोली से प्राप्त समाचार के अनुसार यहां भी बीती रात से बारिश हो रही है तथा बद्रीनाथ धाम हेमकुंड और फूलों की घाटी तथा औली में बर्फबारी होने की खबरें आ रही है। उधर पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र में भी ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हो रही है तथा बागेश्वर में भी बारिश और बर्फबारी की खबरें हैं।
जहां एक और पहाड़ पर वर्षा और बर्फबारी के कारण चार धाम यात्रा मार्गों पर चल रहा काम प्रभावित हो रहा है तथा शीतलहर से लोग परेशान है वहीं राज्य के मैदानी भागों में बारिश होने से सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। राज्य की राजधानी देहरादून से लेकर नैनीताल तक बारिश हो रही है। उल्लेखनीय है कि 30 अप्रैल से राज्य में चार धाम यात्रा शुरू होने जा रही है लेकिन यात्रा की तैयारियों पर मौसम के बिगड़े मिजाज ने ब्रेक लगा रखा है और समय निकलता जा रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर आने वाले 48 घंटों में राज्य में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि चार धाम यात्रा की तैयारियों में जुटे विभागों का कहना है की मौसम के कारण बाधाएं तो आ रही है लेकिन 30 अप्रैल से पहले सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएगी।