800 करोड़ के पार हुई दुनिया की आाबादी

0
197


मनीला में हुआ आठ अरबवें बेबी गर्ल का जन्म!

नई दिल्ली। दुनिया में 8 अरबवें बच्चे का जन्म हो गया है। अब धरती पर रहने वाले लोगों की संख्या 8 अरब यानी 800 करोड़ के पार हो चुकी है। दावा किया जा रहा है कि मनीला में बेबी गर्ल ने आज सुबह जन्म लिया है। संयुक्त राष्ट्र ने पहले अनुमान लगाया था कि इस साल नवंबर के मध्य तक वैश्विक मानव आबादी आठ अरब तक पहुंच जाएगी। उनका ये पूर्वानुमान बिल्कुल सही निकला। नवजात का नाम विनिस माबनसाग रखा गया है। उसकी मां मारिया मार्गरेट विलोरेंट बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी को दुनिया का 8 अरबवां बच्चा माना गया है। मेरे लिए ये आशीर्वाद जैसा है। जनसंख्या और विकास आयोग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी लिनेथ थेरेसी मोनसाल्वे ने कहा कि वे उम्मीद कर रहे हैं कि विनिस भविष्य में विकास का रोल मॉडल बनेंगी।
आंकड़ों की मानें तो इस साल दुनिया भर में लगभग 11.68 करोड़ बच्चों का जन्म हुआ है। वहीं, साल भर में लगभग 5.9 करोड़ लोगों की मौत हुई है। इसका मतलब है कि अब तक दुनिया की जनसंख्या में 5.9 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, दुनिया में जनसंख्या वृद्धि की दर कम हुई है। जनसंख्या वृद्धि दर कम होने की वजह से ही 8 अरब से 9 अरब होने में कुल 15 साल लगेंगे जबकि 7 से 8 अरब होने में 12 साल का ही समय लगा।
सबसे ज्यादा जनसंख्या चीन की है जहां 142.58 करोड़ लोग रहते हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर मौजूद भारत की जनसंख्या लगभग 142.07 करोड़ है। अनुमान है कि अगले एक-दो साल में भारत, चीन को पीछे छोड़ देगा और सबसे ज्यादा जनसंख्या वाला देश बन जाएगा। संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के मुताबिक, अगले 15 सालों में दुनिया की जनसंख्या 8 अरब से बढ़कर 9 अरब हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here