- स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया नमन व धराली आपदा पीड़ितों के प्रति व्यक्त की संवेदनाए
देहरादून। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधानभवन, देहरादून परिसर में ध्वजारोहण किया।
झंडारोहण के उपरांत अपने संंबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं आंदोलनकारियों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आजादी का यह पर्व हमें अपने कर्तव्यों, मूल्यों और देशहित में योगदान देने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने धराली आपदा में हुए जनहानि एवं क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने हाल ही में पहलगाम में हुई घटना का उल्लेख किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए कहा कि यह आतंकवाद के विरुद्ध भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और सैन्य सामर्थ्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से खड़ा है, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा, विज्ञान एवं प्रौघोगिकी के क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव हमारे लिए गर्व का विषय है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, तथा पहाड़ी क्षेत्रों के सतत विकास हेतु प्रधानमंत्री द्वारा दी गई प्राथमिकता ने उत्तराखंड के विकास को नई गति प्रदान की है। अंत में, विधानसभा अध्यक्ष ने समस्त प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें एकजुट होकर “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की ओर बढ़ना है और उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। ध्वजारोहण समारोह में विधानसभा सचिवालय के अधिकारी—कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।




