- प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया 79वंा स्वतंत्रता दिवस
- मुख्यमंत्री ने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में आज स्वतंत्रता दिवस उत्साह तथा धूमधाम से मनाया गया। आपदा ग्रस्त धराली से लेकर सभी जिला मुख्यालयों में ध्वजारोहण के साथ अनेक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य समारोह का आयोजन देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। 79वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण करते हुए प्रदेशवासियों को बधाइयां देते हुए अपने संबोधन में उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में उनकी सरकार निरंतर इस दिशा में प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र सरकार की तमाम बड़ी उपलब्धियों को गिनाने के साथ—साथ राज्य सरकार की नीतियों और कार्यों का उल्लेख भी किया गया। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था तेज गति से विकास की ओर अग्रसर है तथा मोदी के नेतृत्व में 2047 तक हमारा देश एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के साथ हमारा प्रदेश भी लगातार समृद्धि व आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। राज्य में स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल व शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए तमाम योजनाएं चलाई जा रही है तथा विकास का विस्तृत रोड मैप तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में दूरसंचार और एयर कनेक्टिविटी के साथ ही पर्यटन और उघोगों का भी विकास हो रहा है। उन्होंने राज्य में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट की उपलब्धि से लेकर राज्य में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन में राज्य को सातवां स्थान मिलना बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने किसानों के लिए चलाई जा रही तमाम योजनाओं के लाभ गिनाते हुए बीते 4 सालों में 24 हजार युवाओं को रोजगार देने तथा राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने व सशक्त भू कानून लाने तथा कड़े नकलरोधी, दंगा निरोधी कानून के साथ—साथ लव जिहाद तथा धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून बनाने की उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को भी सम्मानित किया तथा कुछ विभागों के कर्मचारियों के मानदेय बढ़ाने व अन्य सुविधाएं बढ़ाने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी, महेंद्र भट,ृ नरेश बंसल, सुबोध उनियाल, खजान दास, मुख्य सचिव आनंद वर्धन, डीजीपी दीपम सेठ, डीएम सविन बंसल व एसएसपी अजय सिंह भी मौजूद रहे।




