देहरादून। घर के बाहर पाइप रखने से नाराज आरोपी ने ठेकेदार पर फायर झोंकर उसको घायल कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत रात्रि में कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना रायवाला को छिद्दरवाला में एक व्यक्ति द्वारा शहनवाज नाम के ठेकेदार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए प्रभारी निरीक्षक रायवाला तत्काल घटनास्थल छिद्दरवाला पहुंचे तो मौके से एक व्यक्ति अपनी कार से घटनास्थल से भागता दिखाई दिया, जिसको पुलिस टीम द्वारा मौके से पकड़ कर उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक लाइसेंसी रिवाल्वर 32 बोर बरामद हुई। जिसको चैक करने पर उसमे 03 खोका कारतूस व 02 जिन्दा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ मे पकड़े गए व्यक्ति द्वारा अपना नाम अरजिंदर बताया तथा शाहनवाज नाम के ठेकेदार से हुए विवाद के दौरान उस पर गोली चलाना बताया गया। मौके पर घायल व्यक्ति के संबंध में जानकारी करने पर हुआ कि घायल शाहनवाज को उसके परिजन जॉलीग्रांट अस्पताल ले गए है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अरजिंदर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अरजिंदर द्वारा बताया गया कि शाहनवाज ठेकेदारी का कार्य करता है, जिसके द्वारा नाली बनाने में प्रयुक्त सीमेंट के बड़े—बड़े पाइपों को अरजिंदर के घर के सामने जंगलात की जमीन पर रखा हुआ था, जिसे लेकर अरजिंदर द्वारा आपत्ति व्यक्त की गई थी तथा उक्त पाइपों को हटाने को लेकर अभियुक्त अरजिन्दर तथा शाहनवाज के बीच विवाद हो गया था तथा रात्रि में अरजिंदर जेसीबी मशीन से उक्त पाइपों को नुकसान पहुँचा रहा था, मौके पर पहुंचे शाहनवाज द्वारा आपत्ति करने पर आरोपी द्वारा अपने लाइसेंस से पिस्तौल से उस पर फायर करते हुए जानलेवा हमला किया गया।




