राष्ट्रपति चुनाव को हुआ मतदान

0
275

21 को मतगणना, 25 को होगा शपथ ग्रहण
मुर्मू की जीत पक्की चुनाव सिर्फ औपचारिकः धामी

नई दिल्ली/देहरादून। देश के 15 वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए आज सभी राज्यों की विधानसभाओं और संसद भवन में मतदान हो रहा है। मतदान सुबह 10 बजे से 5 बजे तक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली में तथा सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में अपना वोट डाला। वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी तथा 25 जुलाई को देश को अपना नया राष्ट्रपति मिल जाएगा।
भाजपा और समस्त एनडीए ने आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को अपना प्रत्याशी बनाया है वही कांग्रेस का विपक्ष के प्रत्याशी के तौर पर यशवंत सिन्हा को अपना प्रत्याशी बनाया गया है। इस अवसर पर यशवंत सिन्हा ने इस चुनाव को लोकतंत्र की रक्षा के लिए अति महत्व का बताते हुए कहा कि विधायक और सांसद अपनी अंतरात्मा की आवाज पर अपना वोट करें।
उधर आज सुबह अपना वोट डालने से पूर्व सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह चुनाव महज एक औपचारिकता भर है एनडीए प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू बड़ी जीत दर्ज करने जा रही है। उन्होंने कहा कि एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को भाजपा व सहयोगी दलों का ही नहीं बल्कि विपक्षी दलों का भी समर्थन मिल रहा है।

उत्तराखंड की 70 सदस्यीय विधानसभा में 47 विधायक भाजपा, 19 कांग्रेस व दो बसपा तथा दो निर्दलीय विधायक हैं। बसपा जो द्रौपदी मुर्मू को समर्थन की घोषणा कर चुकी है वहीं राज्य के दोनों निर्दलीय विधायक भी मुर्मू को समर्थन का ऐलान कर चुके हैं। इस तरह राज्य में 47 भाजपा व दो बसपा व दो निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है तथा उन्हें 70 में से 51 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। जिसके कारण उन्हें 60 फीसदी मत मिलना तय माना जा रहा है।
समाचार लिखे जाने तक 67 विधायक अपना वोट डाल चुके थे। भाजपा विधायक चंदन रामदास अस्वस्था के कारण वोट डालने नहीं पहुंचे थे। कांग्रेसी विधायक तिलकराज बेहड़ जो बीमार बताए गए हैं तथा काग्रेस विधायक राजेंद्र भंडारी भी 3 बजे तक अपना वोट डालने नहीं पहुंचे थे।
उत्तराखंड विधानसभा के कमरा नंबर 321 में समाचार लिखे जाने तक उनका इंतजार जारी था। उत्तराखंड में एक विधायक के वोट का मूल्य जनसंख्या के आधार पर 64 होता है। उधर लखनऊ में आज 10 बजकर 2 मिनट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले अपना वोट डाला। इस चुनाव में वोट डालने के लिए कुल 4800 विधायक व सांसद अधिकृत हैं। जिसमें द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी दिख रहा है। आज हो रहे चुनाव की मतगणना 21 जुलाई को होगी तथा 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here