Home News Posts उत्तराखंड पति की हत्या में पत्नी गिरफ्तार

पति की हत्या में पत्नी गिरफ्तार

0
798

पिथौरागढ़/देहरादून। गला काटकर हत्या किये जाने के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी को हत्या में प्रयुक्त चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद पुलिस से बचने के लिए हत्यारी पत्नी ने मृतक पति के शव को दीवार से नीचे फेंक दिया था।
जानकारी के अनुसार बीते 17 अक्टूबर को कोतवाली डीडीहाट पुलिस को सूचना मिली कि छनपट्टा डीडीहाट निवासी एक व्यक्ति की मौत दीवार से गिरने के कारण हो गयी है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। पूछताछ करने पर पता चला कि मृतक का नाम कुन्दन सिंह धामी पुत्र दीवान सिंह धामी है। जिसका पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया जा रहा है कि मृतक के गले में गहरा निशान था। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक कुन्दन सिंह का अपनी पत्नी के साथ अक्सर किसी बात को लेकर लड़ाई—झगड़ा हुआ करता था। जिस पर ग्रामीणो व मृतक के भाई द्वारा भी उसकी पत्नी नीमा पर हत्या का संदेह जाहिर किया गया।
बीते रोज मृतक के भाई धन सिंह धामी द्वारा डीडीहाट कोतवाली में तहरीर देकर मृतक की पत्नी नीमा देवी पर ही अपने भाई की हत्या किये जाने का शक जताया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नीमा देवी को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया। जिसने बताया कि आपसी लड़ाई झगड़े में ही उसके द्वारा अपने पति पर चाकू से वार कर दिया गया। जिससे गले में चोट लगने से उसकी मृत्यु हो गई तथा पुलिस से बचने के चलते उसने अपने पति को घर के पास की दीवार से नीचे फैंक दिया था। पूछताछ के बाद हत्यारोपित महिला की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक चाकू और खून साफ किये हुए कपड़े, बोरा आदि भी बरामद किये गये। जिसके आधार पर आरोपी नीमा देवी को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here